बस स्टैंड बलौदाबाजार में विवाद कर बस ड्राइवर पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पुलिस की त्वरित कार्यवाही में गिरफ्तार
ई-रिक्शा में सवारी बैठाने के विवाद पर ड्राइवर के सिर पर डंडे से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी दिलीप मिरी चढ़ा कोतवाली पुलिस के हत्थे
सजगता और मुस्तैदी: घटना के तत्काल बाद एक्टिव हुई पुलिस टीम, भागने की फिराक में लगे आरोपी को घेराबंदी कर धर दबोचा
तकनीकी सूझबूझ एवं सटीक मुखबिर सूचना से आरोपी को हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा एवं आदि महत्वपूर्ण साक्ष्य जप्त
प्रकरण में एक अन्य आरोपी है फरार, जिसकी सरगर्मी से की जा रही है पता तलाश
भारतीय न्याय संहिता की धारा 296,351(2),115(2), 109 के तहत की गई वैधानिक कार्यवाही
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन, में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर व त्वरित कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार पुलिस टीम द्वारा बस ड्राइवर पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी दिलीप मिरी को त्वरित कार्यवाही करते हुए तत्काल गिरफ्तार किया गया है।
घटना का विवरण:- मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी शत्रुहन साहू (बस कंडक्टर, निवासी के.के. वार्ड भाटापारा) द्वारा थाना सिटी कोतवाली उपस्थित आकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 30.09.2026 को सुबह लगभग 09:40 बजे बलौदाबाजार बस स्टैंड में राधेश्याम बस में सवारी भर रहे थे। इसी दौरान ई-रिक्शा चालक दिलीप मिरी एवं उसका आरोपी पुत्र अपने ई-रिक्शा में सवारी भरने लगे। जब बस ड्राइवर राधे बांधे ने मना किया, तो दोनों आरोपियों ने मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की नीयत से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों द्वारा जान से मारने की नीयत से बस ड्राइवर राधे बांधे के सिर पर बांस के डंडे से कई बार घातक वार किए गए, जिससे सिर से अत्यधिक खून निकलने लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घायल ड्राइवर को तत्काल इलाज हेतु जिला अस्पताल बलौदाबाजार में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज हेतु रिफर किया गया है।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही, सजगता एवं गिरफ्तारी:तत्काल एक्शन एवं टीम का गठन: घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने बिना कोई समय गंवाए अत्यंत तत्परता एवं गंभीरता दिखाते हुए तत्काल जांच शुरू की। मामला जानलेवा हमले का होने से थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की धरपकड़ हेतु तुरंत घेराबंदी की गई।
मुखबिर तंत्र एवं त्वरित दबिश:- पुलिस की सजगता और त्वरित रणनीति के कारण फरार आरोपी को भागने का अवसर नहीं मिला। मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम ने ग्राम मिशन परसाभदेर बाईपास रोड की तरफ त्वरित दबिश देकर आरोपी दिलीप मिरी को तत्काल हिरासत में ले लिया। आरोपी के विरुद्ध अपराध धारा सिद्ध पाए जाने पर उसे दिनांक 01.10.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति आम जनता का विश्वास और मजबूत हुआ है। प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपी की पतासाजी जारी है।
मेमोरेंडम एवं जब्ती:- कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर उसके घर के पीछे बाड़ी से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा एवं घटना के समय पहने कपड़े विधिवत जप्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपी:- दिलीप मिरी पिता हीरासिंग मिरी, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम मिशन परसाभदेर थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार
