बैंक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने बैंक प्रबंधकों के साथ की बैठक
बैंक, एटीएम, नकदी परिवहन एवं सीसीटीवी सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने दिए आवश्यक निर्देश
स्वर्ण ऋण में फर्जी हॉलमार्किंग एवं दस्तावेजों की आशंका पर सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील
नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नारायणपुर में जिले के सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ बैंक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सहित नारायणपुर जिले के सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा बैंक परिसरों, एटीएम एवं नकदी परिवहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से निम्न बिंदुओं पर सतर्कता एवं समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए—
बैंक सुरक्षा:- बैंक परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा प्रवेश एवं निकास व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश।
एटीएम सुरक्षा:- सभी एटीएम में सुरक्षा कर्मियों की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
नकदी परिवहन सुरक्षा:- बैंक की नकदी के परिवहन के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा आवश्यकतानुसार पुलिस से समन्वय रखने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी कैमरा व्यवस्था:- बैंक एवं एटीएम परिसर में सीसीटीवी कैमरों को सदैव कार्यशील रखने, पर्याप्त क्षेत्र की निगरानी सुनिश्चित करने तथा रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना:- बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लेन-देन अथवा गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
स्वर्ण ऋण में धोखाधड़ी से सावधानी:- स्वर्ण ऋण से संबंधित मामलों में सोने की शुद्धता, हॉलमार्किंग एवं आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच करने तथा फर्जी हॉलमार्किंग या भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के फर्जी प्रमाणन की आशंका होने पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बैंकों एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से वित्तीय अपराधों एवं बैंकिंग संबंधी धोखाधड़ी की रोकथाम को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी बैंक प्रबंधकों से सुरक्षा संबंधी किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा घटना की तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में बैंक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा करते हुए पुलिस एवं बैंक प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय एवं त्वरित सूचना तंत्र विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
