भनपुरी से खमतराई तक अवैध डीजल परिवहन का खुलासा—मेटाडोर में छिपाकर ले जाए जा रहे 1,400 लीटर ज्वलनशील डीजल पर पुलिस की दबिश, 07 ड्रम समेत ₹6.40 लाख की संपत्ति जब्त, 01 आरोपी गिरफ्तार

अवैध डीजल परिवहन पर नॉर्थ जोन पुलिस की बड़ी कार्रवाई

07 ड्रमों में भरा करीब 1,400 लीटर डीजल जब्त, 01 आरोपी गिरफ्तार

परिवहन में प्रयुक्त टाटा इंट्रा वाहन सहित करीब ₹6.40 लाख का मशरूका जब्त

रायपुर : अपराधों की रोकथाम एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के क्रम में थाना खमतराई द्वारा अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे डीजल की बड़ी खेप पकड़ते हुए 07 ड्रमों में भरा करीब 1,400 लीटर डीजल एवं परिवहन में प्रयुक्त टाटा इंट्रा वाहन जब्त किया गया।

पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशन में तथा एसीपी उरला सुश्री पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में थाना खमतराई द्वारा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।

दिनांक 01.10.2026 को टाउन भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि भनपुरी की ओर से खमतराई की तरफ आने वाले एक मेटाडोर वाहन में भारी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ डीजल लाया जा रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर थाना खमतराई द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई।

मुखबिर के बताए वाहन की घेराबंदी कर चेकिंग करने पर टाटा इंट्रा वाहन क्रमांक CG04UN/7617 के पीछे रखे 07 लोहे के बड़े ड्रम मिले। ड्रमों की जांच करने पर प्रत्येक ड्रम में करीब 200-200 लीटर डीजल भरा होना पाया गया। इस प्रकार कुल करीब 1,400 लीटर डीजल बरामद किया गया।

पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम विजेन्द्र सिंह यादव, पिता शिव लगन सिंह यादव, उम्र 50 वर्ष, निवासी नोनीयारीचक पोस्ट दौलतपुर, थाना भगवानगंज, जिला पटना, बिहार, हाल उमेश साव का ढाबा, ग्राम भेमता, थाना तिल्दा, जिला रायपुर बताया।

डीजल के परिवहन एवं कब्जे के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए 07 ड्रमों में भरा करीब 1,400 लीटर डीजल एवं टाटा इंट्रा वाहन जब्त किया गया। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग ₹6,40,000/- है।

आरोपी के विरुद्ध:- थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 1058/2026, धारा 287 बीएनएस एवं धारा 3, 7 ईसी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।

नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों एवं ज्वलनशील पदार्थों के अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है।

Related posts