नशे के विरुद्ध थाना सरस्वती नगर की ताबड़तोड़ कार्यवाही
विधि से संघर्षरत बालक से 119 नग प्रतिबंधित नाइट्रोटेन टेबलेट जप्त
शराबबंदी के दिन कुकुरबेड़ा में अवैध शराब का जखीरा पकड़ाया — 02 महिला आरोपियों से 123 पौवा (22.140 लीटर) अंग्रेजी एवं देशी मदिरा जप्त
रायपुर : पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) रोबिनसन गुड़िया एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) राहुल देव शर्मा के निर्देशन में तथा सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक ईशू अग्रवाल (IPS) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरस्वती नगर चेतन सिंह चंद्राकर के नेतृत्व में टीम गठित कर क्षेत्र में नशे के विरुद्ध सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में दिनांक 02.10.2026 को थाना सरस्वती नगर की टीम ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में नशे के कारोबार पर करारी चोट की।
1 नशीली टेबलेट की बिक्री का प्रयास विफल
दिनांक 02.10.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कोटा क्षेत्र में शीतला तालाब के पास एक व्यक्ति नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना की तस्दीक कर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर रेड कार्यवाही की और संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में वह कोटा क्षेत्र का निवासी एवं नाबालिग पाया गया। उसकी निशानदेही पर बेचने के लिए रखी गई 12 स्ट्रिप में कुल 119 नग (वजन 92.5 ग्राम) प्रतिबंधित नाइट्रोटेन टेबलेट बरामद की गई। टेबलेट प्रतिबंधित नारकोटिक्स श्रेणी की होने से विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 22(बी) के तहत कार्यवाही कर टेबलेट जप्त की गई।
2 शराबबंदी के दिन अवैध शराब का भंडारण
02 अक्टूबर को शराबबंदी (ड्राई डे) होने के कारण मुखबिर से सूचना मिली कि कुकुरबेड़ा की देवार बस्ती में दो महिलाएं बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी एवं देशी शराब का भंडारण कर बिक्री की तैयारी में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने देवार बस्ती में दबिश दी और—
आरोपिया निका तांडी के कब्जे से 62 पौवा अंग्रेजी एवं देशी शराब (कुल 11.160 लीटर), कीमत ₹6,200/-
आरोपिया प्रियंका देवार के कब्जे से 61 पौवा अंग्रेजी एवं देशी शराब (कुल 10.980 लीटर), कीमत ₹6,640/-
जप्त की। दोनों के पास कोई वैध दस्तावेज/अनुज्ञप्ति नहीं होने से पृथक-पृथक आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्यवाही कर दोनों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पकड़े गए आरोपी एवं अपचारी
1 एक विधि से संघर्षरत बालक (निवासी कोटा क्षेत्र, रायपुर)
2 निका तांडी पति बिट्टू तांडी, उम्र 42 वर्ष, निवासी देवार बस्ती, कुकुरबेड़ा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर
3 प्रियंका देवार पति विकास देवार, उम्र 23 वर्ष, निवासी देवार बस्ती, कुकुरबेड़ा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्यवाही में सहायक उप निरीक्षक शुक्ला, प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनु, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अजय सोनी, प्रधान आरक्षक संजय सिंह, आरक्षक सेंगर, आरक्षक ज्ञान चंद एवं आरक्षक वर्मा की विशेष भूमिका रही।
नागरिकों से अपील
▸ यदि कहीं भी नशीली टेबलेट, नशीला पदार्थ या अवैध शराब बेची जा रही हो, तो कृपया तत्काल संबंधित थाने, डायल 112 अथवा मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर सूचना दें।
▸ सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
▸ नशा मुक्त रायपुर, नशा मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प में अपना सहयोग दें।
नशे के सौदागरों के विरुद्ध रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की कार्यवाही निरंतर एवं और भी तीव्र गति से जारी रहेगी।
