ग्रामीणों की परेशानी पर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने दिखाई तत्परता! गायलुंगा-बछराव सड़क का मरम्मत कार्य शुरू

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की पहल से गायलुंगा-बछराव मार्ग की मरम्मत शुरू

बारिश में आवागमन की समस्या से मिलेगी राहत, ग्रामीणों ने जताया आभार

जशपुर : मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया की पहल से बादलखोल अभ्यारण्य क्षेत्र के गायलुंगा से बछराव मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। गेम रेंज नारायणपुर द्वारा जेसीबी मशीन एवं श्रमिकों की मदद से सड़क को समतल करने, गड्ढों को भरने और आवागमन योग्य बनाने का कार्य किया जा रहा है। सड़क की स्थिति खराब होने के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बारिश के मौसम में सड़क पर कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आवाजाही मुश्किल हो जाती थी। कई स्थानों पर वाहनों के फंसने की स्थिति भी निर्मित हो रही थी। इसका सीधा असर स्कूली बच्चों, शिक्षकों, कर्मचारियों, मरीजों और दैनिक आवागमन करने वाले ग्रामीणों पर पड़ रहा था।

गायलुंगा-बछराव मार्ग आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके खराब होने से लोगों को स्कूल, अस्पताल, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में परेशानी होती थी। सड़क की मरम्मत शुरू होने के बाद अब ग्रामीणों को आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

मरम्मत कार्य के तहत सड़क को जेसीबी मशीन की सहायता से समतल किया जा रहा है तथा आवश्यक स्थानों पर श्रमिकों के माध्यम से सुधार कार्य किया जा रहा है। विभाग द्वारा सड़क को सुगम बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है, जिससे बारिश के दौरान भी लोगों को आवागमन में अपेक्षाकृत सुविधा मिल सके। सड़क मरम्मत कार्य शुरू होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब मरम्मत कार्य शुरू होने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।

Related posts