जंगल रोड किनारे सज रही थी जुए की फड़, छाल पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप! ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत जशपुर और कोरबा के 3 जुआरी गिरफ्तार, ₹63,200 नकद और 52 पत्ती ताश जब्त

ऑपरेशन अंकुश के तहत छाल पुलिस की जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई, ₹63,200 नकद जब्त; जशपुर और कोरबा जिले के तीन जुआरी गिरफ्तार

एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के सुपरविजन एवं थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में कार्रवाई

रायगढ़ : जिले में जुआ-सट्टा सहित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत छाल पुलिस ने ग्राम बड़े जामपाली की जंगल रोड किनारे जुआ खेल रहे तीन आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से ₹63,200 नकद, 52 पत्ती ताश एवं एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

दिनांक 8 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बड़े जामपाली की जंगल रोड किनारे सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग ताशपत्ती से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के सुपरविजन में थाना छाल पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को जुआ खेलते पकड़ा तथा फड़ से नकदी और ताशपत्ती बरामद की। जब्त सामग्री को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्ती पत्रक के माध्यम से जब्त किया गया।

पुलिस ने मौके से दीपक पाठक (41 वर्ष), निवासी बगीचा, जिला जशपुर; राजबहादुर पाटले (33 वर्ष), निवासी गोढ़ी, थाना रामपुर, जिला कोरबा; तथा अवधेश सिंह राजपूत (50 वर्ष), निवासी कुकरीचोली, थाना उरगा, जिला कोरबा को पकड़ा। आरोपियों के पास एवं जुआ फड़ से कुल ₹63,200 नकद, 52 पत्ती ताश और एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की गई। मामले में तीनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंकर सिंह क्षत्री तथा आरक्षक राजेश राठौर, सतीश जगत, उमेद उरांव, दीपक कुजूर एवं लालजीत राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related posts