सुबह-सुबह सैकड़ों जवानों की छापेमारी, संदिग्धों की जांच और किरायेदारों का सत्यापन कर अपराधियों को दी सख्त चेतावनी!

आगामी त्योहारों के मद्देनजर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस का शहर भर में व्यापक छापेमारी एवं सघन चेकिंग अभियान

तड़के प्रातः 05ः00 बजे उत्तर, मध्य एवं पश्चिम जोन के बीएसयूपी क्षेत्रों में एक साथ दी गई दबिश

सैकड़ों पुलिस अधिकारी-कर्मचारी अभियान में हुए शामिल, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों का सत्यापन और लंबित वारंटों की तामिली

रायपुर : आगामी त्योहारों के मद्देनजर रायपुर कमिश्नरेट में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष छापेमारी एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त महोदय डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त महोदय अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में उत्तर, मध्य एवं पश्चिम जोन के पुलिस उपायुक्तों के नेतृत्व में आज दिनांक 31.10.26 तड़के प्रातः 05ः00 बजे एक साथ दबिश देकर सघन जांच एवं चेकिंग की गई।

तीनों जोन के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ पुलिस की दबिश :- विशेष अभियान के तहत उत्तर जोन के थाना गुढ़ियारी क्षेत्रांतर्गत रामनगर स्थित बीएसयूपी कॉलोनी एवं थाना पंडरी क्षेत्रांतर्गत दलदल सिवनी स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में कार्यवाही की गई। इसी प्रकार मध्य जोन के थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत लभांडी स्थित बीएसयूपी कॉलोनी एवं सुभाष नगर के देवरपारा में पुलिस टीमों द्वारा जांच की गई। वहीं, पश्चिम जोन के थाना टिकरापारा क्षेत्रांतर्गत बोरियाखुर्द स्थित बीएसयूपी कॉलोनी तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत लालपुर स्थित देवारडेरा में एक साथ दबिश देकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान में तीनों जोन के सैकड़ों पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। पुलिस टीमों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, पूछताछ एवं जांच की गई।

संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों का सत्यापन :- अभियान के दौरान उक्त क्षेत्रों में निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई गई। अन्य राज्यों से आकर निवास करने वाले व्यक्तियों की जानकारी एकत्रित कर उनके विवरणों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही किरायेदारों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर उनके पुलिस सत्यापन की स्थिति की जांच की गई।

पुराने एवं निगरानीशुदा अपराधियों को दी गई कड़ी समझाइश :- अभियान के दौरान पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे तथा पुलिस की निगरानी में रखे गए व्यक्तियों की गतिविधियों की भी जांच की गई। ऐसे व्यक्तियों को अपराधों से दूर रहने, कानून का पालन करने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त नहीं होने के संबंध में कड़ी समझाइश दी गई। इसके अतिरिक्त संबंधित व्यक्तियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि पुलिस द्वारा किसी भी प्रकरण की जांच, पूछताछ अथवा अन्य वैधानिक कार्यवाही के संबंध में उपस्थित होने के लिए बुलाए जाने पर वे तत्काल उपस्थित हों तथा पुलिस को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

लंबित वारंटों की तामिली :- अभियान के दौरान लंबित वारंटों की तामिली पर भी विशेष ध्यान देते हुये माननीय न्यायालय द्वारा जारी विभिन्न वारंटो की तामिली भी की गई।

Related posts