नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से ले गया युवक, दुष्कर्म के मामले में नारायणपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई; बिहार निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा

नारायणपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार

नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने एवं दुष्कर्म करने का आरोप

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर नारायणपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी

नारायणपुर : जिले में महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम तथा ऐसे मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, नारायणपुर अजय सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नारायणपुर विनीत दुबे के नेतृत्व में नारायणपुर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना नारायणपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 03 नवंबर 2026 को प्रार्थी द्वारा थाना नारायणपुर में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक युवक द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया तथा उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में अपराध क्रमांक 111/2026, धारा 64, 65(1) भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो अधिनियम की धारा 04 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना नारायणपुर पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पीड़िता एवं प्रार्थी के कथन दर्ज किए गए तथा पीड़िता का जिला अस्पताल नारायणपुर में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अजीत राजपूत, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम जगदीशपुर कोठिया, थाना तरियानी, जिला शिवहर (बिहार), वर्तमान पता – सुलभ शौचालय के पास, पुराना बस स्टैंड नारायणपुर की तलाश की गई।

पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तथा प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिवत दिनांक 04 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

नारायणपुर पुलिस महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related posts