देर रात तक जारी रहा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जनदर्शन, एक-एक कर सुनी आमजनों की समस्याएं
जनदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने रखीं अपनी मांगें और समस्याएं, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह ग्राम बगिया में सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम देर रात तक जारी रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आम नागरिकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याएं और मांगें उनके समक्ष रखे। मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से कहा कि आम जनता की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
देर रात तक चले जनदर्शन में मुख्यमंत्री श्री साय आम नागरिकों से सीधे रूबरू होते रहे। उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की अपेक्षाओं और जरूरतों के अनुरूप कार्य कर रही है। जनदर्शन जैसे आयोजनों का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री श्री साय ने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जनदर्शन के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
