गुण्डा-बदमाशों पर पश्चिम जोन पुलिस का बड़ा शिकंजा! 2 दिन तक चली सघन चेकिंग में 106 बदमाशों की जांच, 7 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और 5 वारंटियों पर कसा शिकंजा

पश्चिम जोन पुलिस का गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों के विरुद्ध बड़ा अभियान

 02 दिनों तक लगातार की गई सघन चेकिंग

106 गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों की चेकिंग कर 68 की कराई गई परेड, अपराधों से दूर रहने दी गई सख्त हिदायत

07 बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, 02 स्थाई एवं 03 गिरफ्तारी वारंट किए गए तामील

रायपुर : क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने सहित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जोन में गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों के विरुद्ध लगातार 02 दिनों तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत थाना क्षेत्रों में निवासरत गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों की सघन चेकिंग कर उनकी वर्तमान गतिविधियों, रहन-सहन एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के संबंध में जानकारी एकत्रित की गई।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन एवं सतत मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) राहुल देव शर्मा की प्रभावी मॉनिटरिंग में पश्चिम जोन के पुलिस राजपत्रित अधिकारियों के निर्देशन एवं संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में थाना पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेन्द्र नगर, टिकरापारा एवं मुजगहन थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों द्वारा यह विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा थाना क्षेत्रों में निवासरत गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों को तलब कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई तथा उनकी परेड कराई गई। सभी बदमाशों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त न हों, क्षेत्र में शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखें तथा पुलिस द्वारा थाना में उपस्थित होने हेतु निर्देशित किए जाने पर तत्काल उपस्थित हों। उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्यवाही किए जाने की हिदायत भी दी गई।

विशेष अभियान के दौरान ऐसे सक्रिय गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों को चिन्हांकित किया गया, जो लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहते हैं। उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई। साथ ही फरार वारंटियों की पतासाजी कर स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली भी सुनिश्चित की गई। पश्चिम जोन पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रखे जाएंगे।

Related posts