रेलवे के नाका टिकट चेकिंग अभियान में पकड़े गए 566 यात्री! बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों से वसूले गए 4.98 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना, 22 ट्रेनों में हुई सघन जांच

यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाने चलाया गया नाका टिकट चेकिंग अभियान ।

बिना टिकट एवं अनियमित टिकट से यात्रा करने वालों पर की गई कार्रवाई, 566 मामलों में 4.98 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला

बिलासपुर : त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए वैध टिकट के साथ यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाने और टिकटधारी यात्रियों की सुविधा हेतु दिनांक 15 नवम्बर 2026 को बिलासपुर स्टेशन सहित चांपा-बिलासपुर-भाटापारा सेक्शन में नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में चलाये गए इस अभियान के अंतर्गत बिलासपुर स्टेशन एवं यहां से गुजरने वाली कुल 22 ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की गहन जांच की गई। इस अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षकों, उप मुख्य टिकट निरीक्षकों एवं टीटीई स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही।

अभियान के दौरान कुल 566 मामलों में 4,98,465 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। इसमें बिना टिकट यात्रा के 431 मामलों में 4,19,185 रुपये, अनियमित टिकट के 108 मामलों में 76,580 रुपये तथा बिना बुक किए गए लगेज के 27 मामलों में 2,700 रुपये का जुर्माना शामिल है।

रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की जाती है कि वे सदैव उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा अपने सामान का नियमानुसार बुकिंग कराएं। इससे न केवल रेल यात्रा सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनी रहती है, बल्कि अन्य टिकटधारी यात्रियों को भी बेहतर यात्रा सुविधा मिलती है।

Related posts