जनजातीय गौरव दिवस पर रेलवे स्कूलों में गूंजा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान का गौरवगान, विद्यार्थियों ने भाषण से लेकर पेंटिंग तक दिखाई प्रतिभा; जनजातीय संस्कृति की विरासत को कलाकृतियों में किया जीवंत

जनजातीय गौरव दिवस पर मंडल के बिलासपुर एवं शहडोल रेलवे स्कूल में वाक,निबंध,ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन |

भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान एवं जनजातीय संस्कृति के गौरवशाली इतिहास को किया गया स्मरण ।

बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मंडल के बिलासपुर एवं शहडोल स्थित रेलवे स्कूलों में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें देश की गौरवशाली जनजातीय विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से वाक, निबंध, ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, कला एवं ऐतिहासिक विरासत के साथ-साथ जनजातीय समाज के उत्थान, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महान जननायक भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष एवं आदर्शों से अवगत कराने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर मंडल के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02, बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय योगदान, देशभक्ति, अदम्य साहस एवं अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध उनके ऐतिहासिक संघर्षों पर प्रकाश डाला गया। इसके पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

शहडोल स्थित रेलवे स्कूल में ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष, जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली, लोककला, प्रकृति संरक्षण तथा जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को आकर्षक ढंग से उकेरा। वाक् एवं निबंध प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारत की गौरवशाली जनजातीय विरासत, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं तथा राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता एवं कलात्मक अभिव्यक्ति प्रदर्शित करने के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विविधता और ऐतिहासिक विरासत को भी समझने का अवसर भी मिला।

Related posts