दुर्घटनाओं में मौत में कमी लाने दुर्ग यातायात पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर यातायात पुलिस दुर्ग की सख्त कार्यवाही , वर्ष 2026 में अब तक 1,38,097 चालान जारी।
वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 में चालानी कार्यवाही में उल्लेखनीय वृद्धि, 77,235 के विरुद्ध इस वर्ष 18 नवंबर तक 1,38,097 चालान।
बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 84,964 एवं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 2,460 चालकों पर कार्यवाही , यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार सख्ती।
2502 तेज गति एवं 1722 लापरवाही पूर्वक वाहन चालाने वाले चालकों पर कि गयी कार्यवाही।
दुर्ग : उप महानिरीक्षक / वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशानुसार यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार प्रभावी चालानी कार्यवाही की जा रही है।
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जनवरी से नवम्बर 2025 तक एवं जनवरी से 18 नवम्बर 2026 तक की गई चालानी कार्यवाही के आंकड़ों के तुलनात्मक अध्ययन में वर्ष 2026 में कार्यवाही में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में कुल 77,235 चालान किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में 18 नवम्बर तक कुल 1,38,097 चालान किए जा चुके हैं।
प्रमुख चालानी कार्यवाही के आंकड़े इस प्रकार हैं :-
बिना हेलमेट वाहन चलाने पर वर्ष 2025 में 17,060 तथा वर्ष 2026 में 84,964 चालान।
शराब पीकर वाहन चलाने पर वर्ष 2025 में 1,055 तथा वर्ष 2026 में 2,460 चालान।
रांग पार्किंग में वर्ष 2025 में 10,342 तथा वर्ष 2026 में 16,000 कार्रवाई।
तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने पर वर्ष 2025 में 3,949 तथा वर्ष 2026 में 8,707 चालान।
सीट बेल्ट नहीं लगाने पर वर्ष 2025 में 6,753 तथा वर्ष 2026 में 7,434 चालान।
तेज गति से वाहन चलाने पर वर्ष 2025 में 1,425 तथा वर्ष 2026 में 2,502 चालान।
बिना लाइसेंस वाहन चलाने पर वर्ष 2025 में 649 तथा वर्ष 2026 में 772 चालान।
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर वर्ष 2025 में 59 तथा वर्ष 2026 में 111 चालान।
इसके अतिरिक्त बिना परमिट, बिना रजिस्ट्रेशन, नो एंट्री, ओवरलोड, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने, काली फिल्म, यातायात संकेतों का उल्लंघन एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्यवाही की गई है।
उक्त अवधि में वर्ष 2025 में 21,413 चालान न्यायालय में पेश किए गए, जबकि वर्ष 2026 में 89,001 चालान न्यायालय में पेश किए गए हैं।
अपील :- यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा वाहन चालकों से अपील की जाती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें।
यातायात पुलिस दुर्ग का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना एवं आम नागरिकों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।
