अब शहर की सड़कों पर न जाम चलेगा, न अतिक्रमण! DIG-SSP के निर्देश पर सरगुजा पुलिस का सघन पैदल मार्च, दुकानदारों और वाहन चालकों को दी सख्त चेतावनी, सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे लगाने पर जोर

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा निर्देशन में सरगुजा पुलिस का सघन पैदल मार्च,  जाम मुक्त यातायात व्यवस्था और सख्त सुरक्षा व्यवस्था की गई सुनिश्चित ।

शहर में सुगम यातायात, सुदृढ़ कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया पैदल मार्च।

राजपत्रित पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में थाना कोतवाली, यातायात शाखा की संयुक्त पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौक-चौराहों पर किया मार्च।

प्रतिष्ठान संचालकों को अपने व्यावसायिक परिसरों में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने दी गई समझाईस।

मुख्य मार्गों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में बेतरतीब व लापरवाहीपूर्वक खड़े किए गए वाहनों पर की गई चालानी कार्यवाही।

अम्बिकापुर : डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में शहर में सुगम यातायात, सुदृढ़ कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस द्वारा बीते शाम पैदल मार्च किया गया। राजपत्रित पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में थाना कोतवाली, यातायात शाखा की संयुक्त पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौक-चौराहों, वाणिज्यिक क्षेत्रों और संवेदनशील स्थलों पर पैदल मार्च कर आमजन के बीच पुलिस की सक्रिय और संवेदनशील उपस्थिति दर्ज कराई। इसके साथ ही अपराध रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के दृष्टिकोण से सभी दुकानदारों व प्रतिष्ठान संचालकों को अपने व्यावसायिक परिसरों के मुख्य द्वार, भीतर तथा सड़क की ओर मुख किए हुए उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाने और उन्हें निरंतर चालू अवस्था में रखने की हिदायत दी गई, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की स्थिति में त्वरित साक्ष्य जुटाए जा सकें।

 ​पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का गहन निरीक्षण किया। मुख्य मार्गों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में बेतरतीब व लापरवाहीपूर्वक खड़े किए गए वाहनों के कारण उत्पन्न होने वाली जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही चालकों को भविष्य में निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की सख्त चेतावनी दी गई। ​अभियान के तहत पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्रों एवं मुख्य सड़कों के किनारे स्थित दुकानदारों व व्यवसायियों से सीधा संवाद कर उन्हें दुकान का सामान अंदर रखने की स्पष्ट समझाइश दी। दुकानदारों को निर्देशित किया गया कि वे अपना सामान मुख्य सड़क, नाली अथवा फुटपाथ पर न फैलाएं, ताकि पैदल चलने वाले राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सड़क की चौड़ाई पूरी तरह बाधित न रहे।

सरगुजा पुलिस द्वारा शहरवासियों, व्यापारियों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें, अपने वाहन व्यवस्थित स्थान पर खड़े करें, अतिक्रमण से बचें और सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करें। शहर में शांति, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे निरीक्षण एवं सुरक्षा अभियान निरंतर जारी रहेंगे। सघन पैदल मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन स्वयं, उप पुलिस अधीक्षक यातायात डी के सिंह, उप पुलिस अधीक्षक राकेश बघेल एवं निरीक्षक सोमेश सिंह, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक विजय केवर्त्य एवं अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारी सक्रिय रहे।

Related posts