14 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को सौंपा गया थानों व चौकियों का प्रभार, व्यवहारिक प्रशिक्षण के साथ जनसेवा व सुरक्षा के दिए गए निर्देश।
प्रशिक्षु उप निरीक्षकों कों दिनांक 25 नवंबर 2026 से 25 जनवरी 2027 तक सौपा गया स्वतंत्र प्रभार।
फील्ड की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने और अपने पदीय दायित्वों के प्रभावी निर्वहन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु दिया गया प्रभार।
प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को ब्रीफिंग कर आम जनता से संवेदनशीलता के साथ बेहतर सेवा एवं सुरक्षा प्रदान करने हेतु दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश।
अम्बिकापुर : जिले में पदस्थ 14 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को जिला व्यवहारिक प्रशिक्षण के अंतर्गत विभिन्न थानों एवं चौकियों का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा. पु. से.) द्वारा आदेश जारी कर उक्त व्यवस्था दिनांक 25 नवंबर 2026 से 25 जनवरी 2027 तक प्रभावी की गई है। इन प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को व्यवहारिक प्रशिक्षण के उद्देश्य से थानों व चौकियों में भेजा गया है, जिससे वे फील्ड की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित हो सकें और अपने पदीय दायित्वों के प्रभावी निर्वहन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा द्वारा प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को आवंटित थानों एवं चौकियों के प्रभार के तहत अनिल कुमार को चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल अम्बिकापुर, भीखम लाल साहू को थाना मणीपुर, हर्ष कुमार को थाना बतौली, शिव कुमार ध्रुव को थाना लुण्ड्रा, विवेक चन्द्राकर को चौकी केदमा, डिगेश्वर वर्मा को थाना उदयपुर, महेश कुमार को चौकी केरजू, शशिकांत को चौकी कुन्नी, देव सिंह को थाना धौरपुर, सुषमा मण्डावी को महिला थाना, भारतीय मारकण्डेय को थाना दरिमा, नरित्ता सोरी को थाना अजाक, आशी झा को थाना लखनपुर तथा अनुराग वर्मा को थाना कमलेश्वरपुर का प्रभार सौंपा गया है।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान इन सभी प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश देवांगन द्वारा ब्रीफिंग दी गई तथा आम जनता को संवेदनशीलता के साथ बेहतर सेवा एवं सुरक्षा प्रदान करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, आदेश के अनुसार संबंधित थाना एवं चौकी में वर्तमान में पदस्थ प्रभारी यथावत् बने रहकर प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए नियमानुसार कार्य कराएंगे ताकि उनके प्रशिक्षण की प्रगति का नियमित मूल्यांकन किया जा सके।
