सावधान! RTO ओवर स्पीडिंग चालान के नाम पर साइबर ठगों का नया जाल, एक फर्जी SMS और लिंक क्लिक करते ही मोबाइल में डाउनलोड हो सकती है खतरनाक APK फाइल, बलौदाबाजार पुलिस ने जारी की चेतावनी!

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की आम नागरिकों से अपील: ‘RTO ओवर स्पीडिंग चालान’ के फर्जी SMS और संदिग्ध लिंक से रहें सावधान

लिंक पर क्लिक करते ही फोन में डाउनलोड हो सकती है खतरनाक APK फाइल; साइबर ठगों के नए पैंतरे के प्रति पुलिस ने चेताया

आर्थिक साइबर ठगी या संदिग्ध लिंक/मैसेज की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या cybercrime.gov.in पर करें शिकायत

​बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा जिले के नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक और साइबर अपराधों के प्रति निरंतर जागरूक किया जा रहा है। वर्तमान में साइबर अपराधियों द्वारा ‘RTO चालान/ओवर स्पीडिंग चालान’ के नाम पर फर्जी SMS भेजकर नागरिकों को ठगने का एक नया तरीका अपनाया जा रहा है, जिसके प्रति बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आमजन को विशेष रूप से सतर्क किया है।

साइबर ठगों की नई कार्यप्रणाली (Modus Operandi):-  ​हाल ही में सामने आए मामलों के अनुसार, आम नागरिकों के मोबाइल पर अनजान नंबरों या SMS/MMS के माध्यम से ‘RTO Notice’ या ‘Over Speeding Challan’ जारी होने का संदेश भेजा जा रहा है। इस संदेश में चालान देखने व डाउनलोड करने के लिए एक संदिग्ध वेबसाइट/लिंक (जैसे फर्जी/छद्म ‘parivahan’ जैसी दिखने वाली लिंक) दी जाती है। ​जैसे ही कोई व्यक्ति उस संदिग्ध लिंक पर क्लिक करता है, तो मोबाइल डिवाइस में स्वतः ही एक APK फाइल डाउनलोड होने लगती है। यदि उपयोगकर्ता इस APK फाइल को अपने फोन में इंस्टॉल कर लेता है, तो यह मैलवेयर/संदिग्ध ऐप फोन की संवेदनशील जानकारी, एसएमएस, ओटीपी (OTP) या बैंकिंग/यूपीआई विवरण तक अनधिकृत पहुंच बनाकर बड़ी वित्तीय ठगी का कारण बन सकता है।

नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सावधानियां:

1. ​किसी भी अनजान नंबर या संदिग्ध SMS/WhatsApp मैसेज में आए चालान, पार्सल, बैंक या सरकारी योजना से जुड़े लिंक पर क्लिक न करें

2. ​मोबाइल में अपने आप डाउनलोड होने वाली किसी भी अज्ञात APK फाइल को कदापि इंस्टॉल न करें; फोन की सेटिंग में ‘Install unknown apps’ को नियंत्रित रखें

3. ​वाहन के चालान की वास्तविक स्थिति जानने के लिए केवल भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल (जैसे आधिकारिक परिवहन वेबसाइट) का ही उपयोग करें

4. ​किसी भी संदिग्ध लिंक, फर्जी मैसेज या साइबर फ्रॉड की आशंका होने पर तुरंत सतर्क हो जाएं और व्यक्तिगत/बैंकिंग जानकारी साझा न करें

त्वरित सहायता एवं शिकायत माध्यम:- ​यदि आपके साथ किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होती है या संदिग्ध गतिविधि सामने आती है, तो बिना विलंब किए: ​राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या​ www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें ​अथवा अपने नजदीकी पुलिस थाना/चौकी या साइबर सेल से संपर्क करें। सतर्कता और जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

Related posts