ग्राम पंचायत कंजिया में विशेष शिविर आयोजित।
बलौदाबाजार भाटापारा : वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड कसडोल के ग्राम पंचायत कंजिया में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को वित्तीय रूप से जागरूक करने एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने की दिशा में पहल की गई तथा सायबर धोखाधड़ी से बचने की जानकारी दी गई।
शिविर मे ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने एवं उनके पंजीयन हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक ने ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक रहने तथा बैंकिंग एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं अग्रणी बैंक प्रबंधक ने ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने विशेष रूप से किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए प्रोत्साहित किया तथा किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से कृषि कार्यों हेतु समय पर ऋण सुविधा प्राप्त करने के लाभों से अवगत कराया।
शिविर में अग्रणी जिला प्रबंधक शिवकुमार कंवर, भारतीय स्टेट बैंक निदेशक आरसेटी बैजनाथ कुमार एवं अभियान के अंतर्ग ग्राम पंचायत कंजिया के सरपंच, उप सरपंच एवं पंच तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।
क्रमांक /89
