ग्रामीण विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करें—सुश्री दिव्या अग्रवाल।
जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला मे तकनीकी दक्षता एवं मैदानी क्रियान्वयन पर दिया जोर।
बलौदाबाजाऱ भाटापारा : मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष मे वीबी -ज़ी राम ज़ी अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, तकनीकी दक्षता, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा समयबद्ध प्रगति के संबंध में मार्गदर्शन एवं आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्रामीण विकास में मैदानी अमले की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी का उपयोग ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यों को बेहतर बनाने में किया जाए। स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों की योजना तैयार करने, ग्रामीण परिवारों को मांग के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने तथा उपयोगी एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने वींज़ीपीपी पोर्टल पर व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने एवं परिसंपत्तियों की सही मार्किंग,तकनीकी प्राक्कलन तथा मापन संबंधी प्रविष्टियों की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिलेखों, पोर्टल पर दर्ज जानकारी और वास्तविक मैदानी स्थिति में एकरूपता रखने तथा प्रगति की नियमित समीक्षा पर जोर दिया।
जल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान के अंतर्गत स्थानीय जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समन्वित प्रयास करने का मार्गदर्शन दिया। जलदूत ऐप में शतप्रतिशत एवं सही प्रविष्टियां सुनिश्चित करने तथा युक्तधारा और अनुमेय कार्यों की जानकारी का उपयोग ग्राम पंचायतों की आवश्यकता आधारित योजना बनाने में करने पर बल दिया गया।
कार्यशाला में मेटों के कार्यस्थल पर तकनीकी प्रशिक्षण, अभियंताओं एवं संबंधित विभागों के समन्वय, ई -सक्षम हिंदी पाठ्यक्रम एवं प्रमाणन, संतृप्तता आधारित विशिष्ट कार्यों तथा शतप्रतिशत मूल्यांकन एवं सत्यापन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण का प्रावधान रखा गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी महोदया ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण कर नियमित मैदानी निरीक्षण, गुणवत्ता की निगरानी और लंबित कार्यों के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
