जशपुर जंबूरी में रोमांच का महासंग्राम, देशदेखा से मयाली तक युवाओं ने दिखाया दम! रॉक क्लाइम्बिंग, ज़िपलाइन, पेंटबॉल और वॉटर स्पोर्ट्स से तीसरे दिन मचा धमाल, विधायक रायमुनी भगत ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह

विधायक रायमुनी भगत ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह, जशपुर जंबूरी के तीसरे दिन देशदेखा और मयाली में जारी रहा रोमांच

तीसरे दिन टीमों ने बदले आयोजन स्थल, रॉक क्लाइम्बिंग से लेकर पेंटबॉल तक प्रतिभागियों ने लिया दोनों स्थलों की गतिविधियों का अनुभव

जशपुर : जशपुर जंबूरी 2026 के तीसरे दिन शनिवार को माननीय विधायक श्रीमती रायमुनी भगत देशदेखा पहुँचीं। उन्होंने आयोजन स्थल पर संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया, प्रतिभागियों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। विधायक की उपस्थिति से प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

टीमों ने बदले आयोजन स्थल: तीसरे दिन प्रतिभागी दो टीमों में विभाजित होकर विभिन्न गतिविधियों में शामिल हुए। इस दिन दोनों टीमों ने अपने आयोजन स्थल बदल लिए, ताकि प्रत्येक प्रतिभागी को देशदेखा और मयाली, दोनों स्थानों की गतिविधियों का अनुभव मिल सके। पहले देशदेखा में रही टीम मयाली पहुँची, जबकि मयाली वाली टीम ने देशदेखा में गतिविधियों में भाग लिया।

देशदेखा में साहसिक गतिविधियों का रोमांच: देशदेखा पहुँची टीम ने प्रशिक्षित विशेषज्ञों की देखरेख में रॉक क्लाइम्बिंग, टॉप रोप क्लाइम्बिंग, जुमारिंग और ज़िपलाइन जैसी साहसिक गतिविधियों का आनंद लिया। यहाँ की ऊँची चट्टानें और प्राकृतिक सौंदर्य प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके साथ ही देशदेखा में रात्रि के समय स्टार गेजिंग (तारों का अवलोकन) का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को खुले आसमान में तारों और खगोलीय दृश्यों को देखने का अवसर मिला।

मयाली में रोमांच और मनोरंजन: मयाली में प्रतिभागियों के लिए वॉटर स्पोर्ट्स, एटीवी राइड, पेंटबॉल, चेस और हॉट एयर बैलून जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। पेंटबॉल में प्रतिभागियों ने टीम बनाकर रणनीति के साथ खेल में हिस्सा लिया। इसके साथ ही मयाली में अंतरिक्ष दर्शन के लिए प्लैनेटेरियम भी स्थापित किया गया है। 29 नवंबर को यह प्लैनेटेरियम जशपुर के रंजीता स्टेडियम में आम जनता के लिए भी उपलब्ध रहेगा, ताकि जिले के नागरिक अंतरिक्ष और खगोलीय दुनिया को करीब से जानने का अनुभव प्राप्त कर सकें।

सांस्कृतिक संध्या और रात्रिकालीन कार्यक्रम: जशपुर जंबूरी के दूसरे दिन की शाम सरना एथनिक रिजॉर्ट में सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिनभर की साहसिक गतिविधियों के बाद प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

व्यवस्थाओं में मुस्तैद रहा प्रशासनिक अमला: प्रतिभागियों के लिए जलपान एवं भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। जिला प्रशासन, जनपद पंचायत, वॉलंटियर्स एवं विभिन्न गतिविधियों से जुड़े प्रशिक्षित विशेषज्ञों की टीमें आयोजन को सफल बनाने में लगातार जुटी हुई हैं। कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री अभिषेक कुमार द्वारा आयोजन की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि सभी प्रतिभागी सुरक्षित वातावरण में गतिविधियों का आनंद ले सकें और उन्हें बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध हों।

Related posts