₹50 लाख से अधिक कीमत के अवैध मादक पदार्थों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई 1 क्विंटल 921 किलो गांजा, 22 नग नशीली सिरप एवं 8,900 नग टैबलेट को PIL की भट्ठी में जलाकर किया गया नष्टीकरण।
जिले के विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों में जप्त मादक पदार्थों का जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की उपस्थिति में विधिवत नष्टीकरण/
जांजगीर-चांपा : किसी की जिंदगी बर्बाद करने वाला नशा, किसी परिवार के सपनों को उजाड़ने वाला अवैध कारोबार और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले मादक पदार्थ… आखिर इनका अंजाम क्या हुआ? जांजगीर-चांपा पुलिस ने इसका जवाब एक ऐसी कार्रवाई से दिया, जिसमें लाखों रुपये कीमत के नशीले पदार्थों का नामोनिशान मिटा दिया गया। चांपा के औद्योगिक प्लांट की धधकती भट्ठी में 1 क्विंटल 921 किलो गांजा, नशीली सिरप की 22 बोतलें और 8,900 टैबलेट झोंक दी गईं। 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के इन मादक पदार्थों को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की मौजूदगी में विधिवत नष्ट किया गया। आखिर इतनी बड़ी मात्रा में नशे का यह जखीरा जिले के किन-किन इलाकों से जब्त किया गया था और पुलिस ने इसे खत्म करने के लिए कैसी कार्रवाई की?
जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार एवं नशे के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के कुशल मार्गदर्शन में आज दिनांक 27.11.26 को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति जांजगीर-चांपा की उपस्थिति में बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के जप्तशुदा अवैध मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया।
यह कार्रवाई चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (PIL), कोटाडबरी के औद्योगिक प्लांट की भट्ठी (Furnace) में की गई। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में दर्ज अलग-अलग प्रकरणों में जप्त किए गए 1 क्विंटल 921 किलोग्राम गांजा, 22 नग नशीली सिरप एवं 8,900 नशीली टैबलेट को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जलाकर नष्ट किया गया।
जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ मादक पदार्थों की जप्ती, आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई एवं जप्तशुदा मादक पदार्थों के विधिवत नष्टीकरण की कार्रवाई लगातार की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य जिले को नशामुक्त बनाने एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना है।
नष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, SDOP चांपा लौकेश बंसल, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, जिला आबकारी अधिकारी जांजगीर श्रीमती सीलारानी इक्का, पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारी योगेश्वर कुमार द्विवेदी, निरीक्षक कमलेश कुमार सेंडे, जिला अपराध शाखा के पूर्व प्रभारी सेवानिवृत्त प्रधान आरक्षक जगदीश्वर प्रसाद, आरक्षक श्याम सुंदर जांगड़े, आरक्षक शैलेन्द्र पटेल एवं मालखाना प्रभारी प्रधान आरक्षक देव रत्नाकर सहित अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जांजगीर-चांपा पुलिस की अपील:– नशे के अवैध कारोबार से दूर रहें तथा नशे के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई में सहयोग करें। नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
