नवरात्रि में जब हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, तब सड़क पर पुलिस के साथ मोर्चा संभालने उतरे ये युवा! यातायात व्यवस्था में निभाई अहम भूमिका, अब पुलिस ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित।

नैला नवरात्रि पर्व में यातायात व्यवस्था संभालने वाले युवाओं को पुलिस ने किया सम्मानित, प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाने में युवाओं ने निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका।

मुख्यालय जांजगीर, सुकली एवं पचेड़ा के युवाओं ने पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संभाली यातायात व्यवस्था।

जांजगीर-चांपा : सेवा का जज्बा हो तो वर्दी की जरूरत नहीं पड़ती और जिम्मेदारी निभाने का जुनून हो तो कोई भी काम मुश्किल नहीं होता। नैला नवरात्रि पर्व के दौरान जब मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ी, तब कुछ युवाओं ने मिसाल पेश करते हुए पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर यातायात व्यवस्था की कमान संभाल ली। न कोई स्वार्थ, न किसी सम्मान की अपेक्षा, बस श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का संकल्प! जांजगीर, सुकली और पचेड़ा के इन युवाओं की इसी सेवाभावना ने पुलिस का दिल जीत लिया। अब जांजगीर-चांपा पुलिस ने प्रशस्ति पत्र देकर इन युवा सहयोगियों का सम्मान किया और उनके जज्बे को सलाम किया।

नैला नवरात्रि पर्व के दौरान मां दुर्गा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जांजगीर -चांपा पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा यातायात सुचारू रूप से संचालित रहे, इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई थी।

इस दौरान मुख्यालय जांजगीर, ग्राम सुकली एवं पचेड़ा के युवाओं ने स्वेच्छा से आगे आकर पुलिस के साथ सड़क पर तैनात होकर यातायात व्यवस्था संभालने में सराहनीय सहयोग प्रदान किया। युवाओं ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचाने तथा यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

युवाओं की इस सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना एवं सराहनीय योगदान को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार द्वारा सभी सहयोगी युवाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ने युवाओं के सहयोग की भावना की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और आम नागरिकों के आपसी समन्वय एवं सहयोग से ही बेहतर यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।

Related posts