बिहान योजना से महिलाओं के जीवन में आई क्रांति : विधायक भुवनेश्वर बघेल

Advertisements
Advertisements

विधायक डोंगरगढ़ भुवनेश्वर बघेल ने ग्राम पदुमतरा में समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केन्द्र (सीएमटीसी) का किया शुभारंभ

10 लाख 50 हजार रूपए की लागत से निर्मित सीएमटीसी में महिला स्वसहायता समूह के लिए आयोजित होंगे विभिन्न प्रशिक्षण एवं कार्यशाला

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो

राजनांदगांव, अध्यक्ष अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण एवं विधायक डोंगरगढ़ भुवनेश्वर बघेल ने विकासखंड राजनांदगांव के ग्राम पदुमतरा में 10 लाख 50 हजार रूपए की लागत से निर्मित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) अंतर्गत समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केन्द्र (सीएमटीसी) का शुभारंभ किया। समुदाय प्रबंधित प्रशिक्षण केन्द्र (सीएमटीसी) में महिला स्वसहायता समूह के लिए विभिन्न प्रशिक्षण एवं कार्यशाला आयोजित किए जाएंगे।

विधायक भुवनेश्वर बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि क्षेत्र की महिलाएं बिहान योजना से जुड़कर आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद का उपयोग हमें करना है और बाजार में भी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बिहान योजना से महिलाओं के जीवन में क्रांति आई है। प्रत्येक गांव की महिला अपनी अलग पहचान बना रही हैं। बिहान योजना से महिलाओं को विभिन्न प्रकार के रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। बिहान की महिलाएं कैडर, कृषि, पशु सखी जैसे विभिन्न कार्य कर रही हैं, जो हमारे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इस अवसर पर विधायक श्री बघेल ने प्रशिक्षण केन्द्र में रूकने के लिए सर्वसुविधायुक्त कमरों का निर्माण करने 20 लाख रूपए की घोषणा की।

जिला पंचायत सदस्य श्री अशोक देवांगन ने कहा कि बिहान का कार्य प्रदेश की हर महिला और सभी वर्ग के नागरिक जानते हैं। इसे कायम रखते हुए कार्य करना है। ऐसे कार्यों को बढ़ावा देना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक परिवार को आजीविका के साधन मिल सके। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण भवन में आवश्यकतानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 5 लाख रूपए की घोषणा की। जनपद सदस्य श्री ओमप्रकाश साहू ने कहा कि इस जनपद क्षेत्र में मॉडल संकुल का चयन गर्व की बात है। संकुल की महिलाएं प्रदेश और देश में अपना परचम लाहरा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के विकास में कोई बाधा नहीं आएगी। इस अवसर पर उन्होंने 3 लाख रूपए संगठन को देने की घोषणा की।

बिहान स्थायी समिति की सभापति एवं जनपद सदस्य श्रीमती हंसा सिन्हा ने कहा कि वे स्वयं समूह से जुड़कर आगे बढ़ी है। नारी शक्ति के रूप में सभी महिलाओं को आगे बढऩा है। जिससे हमारा परिवार और समाज दोनों सशक्त हो सके। जनपद सदस्य ललिता साहू एवं श्रीमती झामेश्वरी साहू ने कहा कि महिलाओं की शक्ति को पहचान कर हमको आगे बढऩा है। सीईओ जनपद पंचायत श्री एसके ओझा ने बिहान की विस्तृत जानकारी दी। संकुल की अध्यक्ष श्रीमती प्रभा साहू ने भी महिलाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में अतिथियों ने महिला स्वसहायता समूहों द्वारा उत्पादित सामग्री के स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान 10 महिला स्वसहायता समूह को 31 लाख रूपए के बैंक लिंकेज राशि और 130 महिला स्वसहायता समूह को 39 लाख रूपए सीआईएफ ऋण का वितरण किया गया। आंचल संगठन के कैडरों द्वारा स्वागत गीत, बिहान से संबंधित नाटक एवं छत्तीसगढ़ी सामूहिक नृत्य किया गया। कार्यक्रम में पदुमतरा संकुल क्षेत्र के सरपंच, जनपद पंचायत प्रतिनिधि, 47 ग्राम संगठन की समूह सदस्य, सहित अधिकारी, कर्मचारी व ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!