कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ एवं सहायक अधीक्षक को कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दी भावमय विदाई, सभी से मिले स्नेह एवं सम्मान के लिए दिया धन्यवाद

नवाचार करने के लिए संकोच नहीं करना चाहिए – कलेक्टर

सभी ने निष्ठा एवं ईमानदारी से किया कार्य

कलेक्टर ने जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित न्याय का छत्तीसगढ़ मॉडल राजनांदगांव किताब का किया विमोचन

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, राजनांदगांव

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा एवं जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर को आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भावमय विदाई दी। इस अवसर पर आज सेवानिवृत्त होने पर सहायक अधीक्षक श्री जगदीश्वर सिंह ठाकुर को भी भावपूर्ण विदाई दी गई। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि जिले में विगत एक वर्ष में बहुत अच्छा कार्य किया गया। इस दौरान कलेक्टर ऑफिस में आम जनता की एक भी शिकायत नहीं आई। जिससे यह पता चलता है कि सभी ने निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य किया है। कोई भी नया कार्य एवं नवाचार करने के लिए संकोच नहीं करना चाहिए। यदि अच्छी भावना के साथ आप नया कार्य कर रहे हैं तो दुनिया की परवाह नहीं करना चाहिए। हो सकता है कि लोग तुरंत परिवर्तन को स्वीकार न करें। लेकिन अंत में वे अच्छे कार्य को समझकर स्वीकार करते हैं और प्रशंसा करते हैं। स्वयं के प्रति कार्य के लिए संतुष्टि का भाव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उप निर्वाचन के दौरान कार्य करना चुनौतीपूर्ण रहा। नीति आयोग एवं केन्द्रीय मंत्री के भ्रमण एवं समीक्षा के दौरान भी यहां टीम ने अच्छा कार्य किया। उन्होंने सभी से मिले स्नेह एवं सम्मान के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ श्री लोकेश चंद्राकर को नई पदस्थापना एवं जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने श्री ठाकुर के सेवानिवृत्त होने पर उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की। इस अवसर पर कलेक्टर ने जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित राजनांदगांव जिले की उपलब्धियों पर आधारित किताब न्याय का छत्तीसगढ़ मॉडल राजनांदगांव का विमोचन किया।

जिला पंचायत सीईओ श्री लोकेश चंद्राकर ने कहा कि समय कितनी तेजी से बीतता है पता ही नहीं चलता। स्थानांतरण होने पर बिछडऩे का गम भी होता है। इस एक वर्ष में सभी ने काफी सहयोग किया। कलेक्टर श्री सिन्हा का विशेष सहयोग एवं स्नेह मिला। उनके मार्गदर्शन में भरपूर कार्य सीखने का मौका मिला। नरवा, घुरवा, गरवा, बाड़ी योजना, टीकाकरण, निर्वाचन जैसे सभी कार्यों में तेजी आये। उन्होंने कहा कि दूसरों के अनुभवों से सीखना चाहिए। अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय  ने कहा कि कलेक्टर श्री सिन्हा ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किया है और उनके अनुभवों का लाभ राजनांदगांव जिले को मिला है। एक वर्ष में वास्तविक परिदृश्य बदला है। मानपुर, बकरकट्टा के सुदूर वनांचलों में विकास तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुपोषण हर स्तर पर कलेक्टर के दृष्टिकोण से उन्नति के लिए कार्य किए गए। जिससे जनसामान्य को सुविधाएं मिली और लाभान्वित हुए। धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स का सफल संचालन हो रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में तरक्की हुई और जिले का नाम प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी रौशन हुआ। महिला सशक्तिकरण एवं कृषि के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य किए गए। फाईल का निराकरण त्वरित गति से कार्य किया गया। जिला पंचायत सीईओ श्री चंद्राकर के कार्य करने की शैली नेक है। नगर निगम आयुक्त भिलाई के पद पर वे पदस्थ हुए हैं और अब ग्रामीण क्षेत्र में कार्य करने के बाद उन्हें शहर के विकास के लिए कार्य करने का अवसर एवं अनुभव मिलेगा। सेवानिवृत्त सहायक अधीक्षक श्री ठाकुर के कार्य प्रणाली बहुत अच्छी रही। संयुक्त कलेक्टर श्रीमती इंदिरा सिंह ने कहा कि कलेक्टर श्री सिन्हा से योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना सीख सके। सभी क्षेत्रों में उनकी बहुत अच्छी जानकारी का फायदा मिला। जिला पंचायत सीईओ श्री चंद्राकर शांत व्यक्तित्व के है। भविष्य में भी उनके साथ कार्य करने का अवसर मिलेगा। श्री ठाकुर सक्रिय अधीक्षक रहे। इस अवसर पर ओएसडी खैरागढ़ श्री जगदीश सोनकर, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम राजनांदगांव श्री अरूण वर्मा सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। संयुक्त कलेक्टर श्री खेमलाल वर्मा ने कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया।

Advertisements
error: Content is protected !!