जशपुर: 6 अक्टूबर से प्रारम्भ होगा छत्तीसगढ़िया ओलंपिक, इच्छुक प्रतिभागी पंजीयन के लिए संबंधित पंचायत या नगरीय निकायों में गठित क्लब में कर सकते हैं संपर्क

Advertisements
Advertisements

कलेक्टर ने अधिक से अधिक खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में शामिल होकर अपनी प्रतिभा दिखाने का किया आग्रह

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, जशपुर

छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा प्रतिभागियों को मंच प्रदान करने, उनमें खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं खेल भावना का विकास करने हेतु मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक 2022-23 का आयोजन किया जा रहा है। ’छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक’ गांव से लेकर राज्य स्तर तक 6 अक्टूबर 2022 से प्रारंभ होकर 6 जनवरी 2023 तक आयोजित किया जाएगा।

कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल ने सभी अधिकारियों को छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के जिले में सफल आयोजन हेतु आवश्यक सभी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिसमें  शिक्षकों की ड्यूटी निर्धारित करने, सुरक्षा एवं चिकित्सा व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य सुविधाएं शामिल है।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक प्रतिभागी इस छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में  भाग लेकर लोक खेलों को बढ़ावा देने में शासन की इस पहल में सहभागिता निभाने की अपील की। इस हेतु उन्होंने ग्रामीण स्तर पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की बात कही। जिससे वे अपनी प्रतिभा को आगे होने वाले राज्य स्तर पर  प्रतियोगिता में दिखा सके एवं जिले का नाम गौरवान्वित कर सके। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मुनादी सहित बैनर पोस्टर के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार करने की बात कही।

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में शामिल होने के लिए पंजीयन शुरू हो गए हैं। इच्छुक प्रतिभागी पंजीयन के लिए संबंधित पंचायत या नगरीय निकायों में गठित क्लब में संपर्क कर सकते हैं। आयोजन के सम्बंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार  छत्तीसगढ़ के पारम्परिक खेल प्रतियोगिता दलीय एवं एकल श्रेणी में होगी। छत्तीसगढ़ ओलम्पिक 2022-23 में 14 प्रकार के पारम्परिक खेलों को शामिल किया गया है। इसमें दलीय श्रेणी खेल विधा में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसे खेल शामिल किए गए हैं। वहीं एकल श्रेणी की खेल विधा में बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ और लम्बी कूद शामिल है।

छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक का आयोजन 6 स्तर में  निर्धारित किए गए हैं। इन स्तरों के अनुसार ही खेल प्रतियोगिता के चरण होंगे। इसमें सर्वप्रथम गांव में सबसे पहला स्तर राजीव युवा मितान क्लब का होगा। वहीं दूसरा स्तर जोन है, जिसमें 8 राजीव युवा मितान क्लब को मिलाकर एक क्लब होगा। फिर विकासखंड/नगरीय क्लस्टर स्तर, जिला, संभाग और अंतिम में राज्य स्तर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में आयु वर्ग को तीन वर्गाे में बांटा गया है। इसमें प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक फिर 18-40 वर्ष आयु सीमा तक, वहीं तीसरा वर्ग 40 वर्ष से अधिक उम्र के लिए है। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। इस दौरान पंचायतो में आयोजन स्थल पर आयुष्मान कार्ड, कोविड टीकाकरण,  स्वीप कार्यक्रम सहित अन्य योजनाओं का ग्रामीणों को लाभ दिलाने हेतु विभाग द्वारा शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!