कुनकुरी नगर के दुर्गा पण्डालों में नवरात्र पर्व सम्पन्न, समापन पर भण्डारा आयोजित, रावण दहन के बाद होगा दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन

Advertisements
Advertisements

प्रमुख पण्डालों में दुर्गा प्रतिमाओं की हुई स्थापना के बाद नौ दिनों तक नगर डूबा रहा माता की भक्ति में

प्रतिदिन प्रातः सायं आरती पूजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी हुआ आयोजन

सनातन धर्म समिति कुनकुरी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी किया आयोजन

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, कुनकुरी

विगत 26 सितम्बर से प्रारंभ हुए नवरात्र पर्व के अन्तर्गत मंगलवार नवमीं को कन्या पूजन एवं भण्डारा आयोजित किया गया जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होकर माता का प्रसाद ग्रहण किये। कुनकुरी नगर के सनातन धर्म समिति, श्याम मित्र मण्डल, डुगडुगिया, बजरंगनगर, एवं गड़ाकटा के प्रमुख पण्डालों में माता के दर्शनों के लिये भक्तजनों का दिन भर तांता लगा रहा।

स्थानीय शिव मंदिर परिसर स्थित कुनकुरी नगर के मुख्य सार्वजनिक पण्डाल में कलश स्थापना, केश श्रृंगार, द्रव्य अर्पण कर दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ किया गया था। दुर्गा पूजा महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी द्वारा मंगल कलश यात्रा निकाली गई थी। नगर में डुगडुगिया, बजरंगनगर, श्याम मित्र मण्डल मेनरोड, गड़ाकाटा आदि के पण्डालों में भी मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर कलश स्थापना के साथ दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ किया गया था। इस पर्व के समापन के अवसर पर रावण दहन का मुख्य आकर्षक कार्यक्रम सनातन धर्म समिति के तत्वावधान में स्थानीय खेल मैदान पर आयोजित किया जा रहा है।

अश्विन शुक्ल पक्ष षष्ठी को सायं काल में बेलबरनी विधान सम्पन्न होने के बाद माता का सम्पूर्ण दर्शन अश्विन शुक्ल सप्तमी को नवपत्रिका प्रवेश, प्राण प्रतिष्ठा, बलिदान, महानिशा पूजन द्वारा पूजन सम्पन्न किया गया। अश्विन शुक्ल अष्टमी को संधिपूजा बलिदान के साथ महागौरी पूजन सम्पन्न हुआ। मंगलवार को नवमीं को महानवमी व्रत, हवन पूजन, कन्या भोज के साथ सिद्धीदात्री देवी का पूजन सम्पन्न किया गया।

अश्विन शुक्ल दसमीं को विजया दशमी पर अपराजिता पूजा सम्पन्न होने के उपरांत माता की शोभायात्रा निकाली जायेगी। रावणदहन के सम्पन्न होने के बाद प्रतिमा विसर्जन स्थानीय जलाशय में परम्परा के अनुसार महाआरती के उपरांत किया जायेगा।

कुनकुरी नगर के खेल मैदान में रावण दहन पर होगी आतिशबाजी

कुनकुरी नगर के अनेक पण्डालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं की शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए विजयादशमी पर्व के लिये निर्धारित स्थल स्थानीय खेल मैदान पर पहूंचेगी, जहां भव्य आतिशबाजी के साथ बुराईयों के प्रतीक रावण का पुतला दहन किया जायेगा।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!