जशपुर : जिले में अवैध धान के परिवहन पर जिला प्रशासन गंभीर, खाद्य विभाग की टीम द्वारा फरसाबहार में 32 क्विंटल अवैध धान किया गया जब्त

Advertisements
Advertisements

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, जशपुर

जशपुरनगर : खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में शासन के निर्देशानुसार समर्थन मूल्य पर पंजीकृत किसानों से धान उपार्जित किया जा रहा है। साथ ही अवैध धान के परिवहन को रोकने के लिए जिला प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है।

कलेक्टर डॉ रवि मित्तल के निर्देशन में जिले के अन्य राज्यों से लगे सीमावर्ती इलाकों में 17 बेरियर बनाया गया है। चेक पोस्ट पर 24 घण्टे ड्यूटी करने हेतु राजस्व, खाद्य एवं पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। कलेक्टर द्वारा सभी को जिम्मेदारीपूर्वक अपना कर्तव्य निर्वहन करने के निर्देश दिए गए है।

इसी कड़ी में खाद्य विभाग की उड़न दस्ता दल द्वारा मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाते हुए विगत दिवस फरसाबहार विकासखण्ड के कोनपारा रोड में रात्रि समय उड़ीसा के पिकअप वाहन से 65 बोरा लगभग 32 क्विन्टल अवैध धान जब्त किया गया है। साथ ही प्रकरण दर्ज कर वाहन सहित धान को पुलिस अभिरक्षा में थाना तुमला को सुपुर्द कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि जशपुर जिले की सीमा झारखण्ड एवं उड़ीसा से लगे होने से अवैध धान को जिले के उपार्जन केन्द्रों में खपाया जाने का प्रयास किया जा सकता है। इस हेतु बेरियर पर तैनात कर्मचारियों द्वारा मुस्तैदी से कार्य किया जा रहा है। इस हेतु आने वाली गाड़ियों पर नियमित निगरानी रखा जा रहा है। साथ ही कच्चे रास्तो एवं पगडंडियों पर भी नजर रखी जा रही है। विभाग की सक्रियता एवं सतत् निरीक्षण के कारण जिले में अन्य व्यक्तियों द्वारा अवैध धान को खपाने का प्रयास असफल हो रहे है। जिले में अब तक कोचियों अथवा अवैध धान के 11 प्रकरण दर्ज कर 324 क्विन्टल धान जब्त किया गया है।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!