केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुण्डा का दो दिवसीय बस्तर प्रवास: ईको टूरिज्म के कार्यो की सराहना की, स्थानीय एवं परंपरागत व्यंजनों से हुए अभिभूत

Advertisements
Advertisements

केंद्रीय मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने चित्रकोट होम स्टे के संचालक लछिन बघेल एवं उनके परिजनों के साथ किया जलपान

समदर्शी न्यूज़ जगदलपुर

केंद्रीय जनजाति कार्य मंत्री अर्जुन मुण्डा एवं सांसद दीपक बैज सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शनिवार को टूरिज्म सर्किट के अंतर्गत चित्रकोट ग्राम में निर्मित होम स्टे के संचालक लछिन बघेल एवं उनके परिजनों के साथ जलपान किया। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री श्री मुण्डा अपने दो दिवसीय बस्तर प्रवास के अंतर्गत चित्रकोट पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने चित्रकोट के आस-पास के पर्यटन सर्किट में शामिल स्थानों के अलावा वनधन केंद्र धुरागांव के कार्यों का अवलोकन किया। ज्ञातव्य हो कि जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग द्वारा चित्रकोट जलप्रपात एवं अन्य पर्यटन स्थलो के भ्रमण हेतु आने वाले पर्यटकों को स्थानीय परिवेश का बोध कराने तथा परंपरागत सुविधा उपलब्ध कराने हेतु होम स्टे का निर्माण किया गया है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री श्री मुण्डा ने जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के ईको टूरिज्म के कार्यो की प्रशंसा की। जलपान के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री मुण्डा एवं अतिथियों को बस्तर के स्थानीय व्यंजन ठेठरी, बड़ा, चापड़ा चटनी, तिखूर से बना बस्तरिया पकवान, गुड़ चिंवड़ा, सीताफल आदि परोसा गया। केंद्रीय मंत्री एवं अतिथियों ने इन व्यंजनों का लुत्फ उठाया और बस्तर के इन स्थानीय एवं पारंपरिक व्यंजनों के स्वाद से अभिभूत होकर इसकी सराहना की।

केंद्रीय मंत्री श्री मुण्डा के ग्राम चित्रकोट के इस होम स्टे में पहुंचने पर युवोदय के वालंटियरों तथा ग्रामीणों एवं अधिकारी-कर्मचारियों ने आत्मीय स्वागत किया। श्री मुण्डा ने युवोदय के वालंटियरों से उनके कार्यो के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने वालंटियरों एवं ग्रामीणों को अपने ग्राम के विकास तथा शिक्षा के क्षेत्र में काम करने को कहा। श्री मुण्डा ने चित्रकोट होम स्टे के संचालक श्री लछिन बघेल एवं उनकी धर्मपत्नि श्रीमति लच्छनदई एवं उनके बच्चों से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने लच्छन बघेल एवं उनकी धर्मपत्नि को बच्चों के पढ़ाई-लिखाई के लिए विशेष ध्यान देने को कहा। इस दौरान पूर्व विधायक लच्छु कश्यप एवं ट्राईफेड भारत शासन के प्रबंध निदेशक प्रवीण कृष्ण, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज के प्रबंध निदेशक संजय शुक्ला, अपर प्रधान मुख्य वन सरंक्षक डी. आंनद बाबू, संभागायुक्त जी.आर. चुरेन्द्र, मुख्य वन संरक्षक मोहम्मद शाहिद, कलेक्टर रजत बंसल, वनमण्डलाधिकारी सुश्री स्टायलो मंडावी एवं अपर कलेक्टर अरविंद एक्का सहित अन्य अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधि गण उपस्थित थे।

चित्रकोट जलप्रपात के मनोरम दृश्य को निहार कर अभिभूत हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुण्डा

जनजातिय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा आज अपने प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ के नियाग्रा कहे जाने वाले चित्रकोट जलप्रपात के मनोरम दृश्य का अवलोकन किया। श्री मुण्डा ने इस जलप्रपात के प्राकृतिक सौन्दर्य एवं मनोरम दृश्य से अभिभूत होकर इसकी प्रशंसा की। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री श्री मुण्डा अपने दो दीवसीय बस्तर प्रवास के दौरान चित्रकोट पहुंचे थे। इस दौरान पूर्व विधायक लच्छु कश्यप के अलावा ट्राईफेड के प्रबंध निदेशक प्रवीर कृष्ण, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज के प्रबंध निदेशक संजय शुक्ला, अपर प्रधान मुख्य वन सरंक्षक डी. आंनद बाबू, कलेक्टर रजत बंसल अपर कलेक्टर अरविंद एक्का एवं जनप्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

वन धन विकास केंद्र धुरागांव के कार्यो की सराहना करते हुए वनोपजों का उचित मूल्य दिलाने तथा स्थानीय लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने का कारगर माध्यम बताया

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुण्डा बस्तर प्रवास के दौरान लोहण्डीगुड़ा विकासखण्ड के ग्राम धुरागांव में पहुंचकर वनधन विकास केंद्र के कार्यो का अवलोकन किया। उन्होंने इस वनधन विकास केंद्र में स्थानीय वनोपजो के बेहतर प्रोसेसिंग के कार्यो की सराहना करते हुए कहा कि इसके माध्यम सें स्थानीय लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध होने के साथ-साथ वनोपज संग्रहणकर्ताओं को उनके उत्पाद का वाजिब दाम मिल सकेगा। श्री मुण्डा वनधन विकास केंद्र के तैलीय बीज प्रसंस्करण कक्ष, वन प्रसंस्करण कक्ष, ईमली एवं महुआ प्रसंस्करण कक्ष आदि का अवलोकन कर वनोत्पाद के प्रोसेसिंग के अलावा इसके पैकेजिंग आदि का अवलोकन कर इसके संबंध में जानकारी ली। इस दौरान केंद्रीय मंत्री श्री मुण्डा ने स्टाल में लगे उत्पादों का भी अवलोकन किया। श्री मुण्डा प्रोसेसिंग कार्य में लगे स्व-सहायकता समूह की महिलाओं से बात-चीत कर उनकी समस्याओं और मांगों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने इस कार्य में लगे स्व-सहायता समूह की महिलाओं को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन भी किया। श्री मुण्डा ने महिलाओं और उपस्थित लोगों को अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की समुचित व्यवस्था करने तथा पैसो की बचत करने को कहा। इस दौरान सांसद दीपक बैज ,ट्राईफेड के प्रबंध निदेशक प्रवीण कृष्ण, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज के प्रबंध निदेशक संजय शुक्ला अन्य अधिकारियों ने भी वनधन विकास के कार्यो एवं वनोपज के महत्व के संबंध में जानकारियां दी। इस अवसर पर अपर प्रधान मुख्य वन सरंक्षक डी. आनंद बाबू, संभागायुक्त जी.आर. चुरेन्द्र, मुख्य वन संरक्षक मोहम्मद शाहिद, कलेक्टर रजत बंसल, वनमण्डलाधिकारी सुश्री स्टायलो मंडावी एवं अपर कलेक्टर अरविंद एक्का सहित अन्य अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!