जशपुर कलेक्टर ने संघ के पदाधिकारियों को व्यक्तिगत रूचि लेकर कार्य करने एवं ग्रामीण स्तर पर खेल को बढ़ावा देने के दिए निर्देश, जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं- कलेक्टर श्री अग्रवाल

Advertisements
Advertisements

जिले में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर श्री अग्रवाल की अध्यक्षता में खेल संघ की बैठक संपन्न

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

जशपुर. जिले में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में खेल संघ की बैठक संपन्न हुई। उन्होंने खेल संघ के पदाधिकारियों से जिले में खेल के विकास के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। उन्होंने जिले के खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ग्रामीण स्तर से खेल प्रतियोगिता आयोजन करने की बात कही। जिससे निचले स्तर से खेलों में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वालों को आगे बढ़ाया जा सके। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी श्री कृष्ण जाधव, डिप्टी कलेक्टर श्री पोषक चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के.प्रसाद, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, कराटे, ताईक्वांडो सहित अन्य खेलों के संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बस उन्हें निखारने की आवश्यकता है। इस हेतु उन्होंने सभी खेल संघ के पदाधिकारियों को व्यक्तिगत रूचि लेकर कार्य करने एवं ब्लॉक व ग्रामीण स्तर पर खेल को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। जिससे ग्रामीण स्तर पर भी खिलाड़ी अपने पसंदीदा खेलों में हिस्सा लेकर आगे बढ़ सके। इस दौरान उन्होंने सभी संघ के पदाधिकारियों से जिले में खेलों के विकास में आने वाली समस्याओं की भी जानकारी ली। श्री अग्रवाल ने जिले में खेलों में एकरूपता लाने के लिए वार्षिक खेल कैलेंडर बनाने, खेल का लोगो, मस्कट, टैगलाईन आदि तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से जनता प्रशासन से सीधा जुड़ती है। इस हेतु जिले में खेल अधोसंरचना एवं लोकप्रियता के अनुसार खेल को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही उन्होंने खेलों में अनुशासन व नियम पर विशेष जोर दिया। जिसका सभी खेल संघों को पालन करने के निर्देश दिए।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!