टिफिन बैठक पर मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर भाजपा का पलटवार : भूपेश छत्तीसगढ़ को लूटकर पूरी कांग्रेस का पेट भर रहे हैं, हमारे यहां ऐसा रिवाज नही, अंग्रेज की गोद से उठी कांग्रेस को भारतीय परम्परा का ज्ञान नहीं है – विजय शर्मा

Advertisements
Advertisements

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायपुर

भाजपा की टिफिन बैठक पर मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा ने कहा, संगठन किसी के पैसे से नहीं कार्यकर्ताओं के पसीने से चलना चाहिए भाजपा की यह मान्यता जनसंघ के काल से ही है। यह हमारी कार्यशैली रही है, हमारी परिपाटी रही है और इसलिए जब एकत्रित होकर चर्चा करना होता है दिन भर की चर्चा करनी होती है तो बिना खर्च के कार्यक्रम पूर्णत: सम्पन्न हो जाये इसकी यह व्यवस्था है। इसको कांग्रेस के लोग समझ नहीं पाते हैं। अंग्रेजों के गोदी से उत्पन्न संस्था इस बात को नहीं समझ सकती कि ऐसे सहयोगात्मक रूख के साथ भी पार्टियां खड़ी हो सकती हैं।

श्री शर्मा ने कहा भारतीय जनता पार्टी दुनिया के सबसे बड़ी पार्टी है, करोड़ों लोगों के बीच की अनुशासित पार्टी है। इसके पीछे के कारण को समझने के लिए भूपेश बघेल जी को भाजपा के कार्यकर्ता के नाते 10 साल पहले काम करना होगा तब इस बात को समझ पाएंगे। कांग्रेस क्या जाने जो पांच सितारा संस्कृति से आती है भारतीय जनता पार्टी भातृत्व भाव सभी जात पंथ, धर्म के बंधुओं के साथ सामुहिक भोज करती है जिससे समाज में भाईचारा अपनत्व का भाव पैदा होता है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महामंत्री विजय शर्मा ने कहा कि टिफिन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का सवाल उठाना शर्मनाक है। यह अहंकार भूपेश बघेल को ही मुबारक कि वे कार्यकर्ताओं को खिलाते हैं। सच तो यह है कि कार्यकर्ता ही नेता के लिये जमीन तैयार करते हैं। भाजपा में न खाने वाले कार्यकर्ता हैं और न जनता का धन लूटकर खिलाने वाले नेता हैं। यह तो कांग्रेस की संस्कृति है कि लूटो, खाओ और कार्यकर्ता को भी। खिलाओ। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। हम सभी कार्यकर्ता स्वस्फूर्त निष्ठापूर्वक पार्टी की सेवा करते हैं। लगता है कि भूपेश बघेल को 2019 के लोकसभा चुनाव का भाजपा कार्यकर्ताओं का टिफिन और उसकी पौष्टिकता विस्मृत हो गई है।

प्रदेश भाजपा महामंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार में छत्तीसगढ़ में इतने बड़े पैमाने पर घोटाले हुए हैं कि भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ताओं तो क्या पूरी कांग्रेस का पेट भर रहे हैं। अपने इष्ट परिवार का पेट ही नहीं, तिजोरी भी भर रहे हैं। कांग्रेस देश के विभिन्न राज्यों में छत्तीसगढ़ से लूटे गए धन से चुनाव लड़ रही है। भूपेश बघेल कांग्रेस के फंड मैनेजर बने हुए हैं। तब उन्हें यह घमंड होना कोई विचित्र घटना नहीं है।

प्रदेश भाजपा महामंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इटली से संस्कृति और वैचारिक आधार लेने वाले भूपेश बघेल जैसे कांग्रेसियों को भारतीय संस्कृति या छत्तीसगढ़ के आचार व्यवहार से कोई लेना देना नहीं है। यह भारतीय परंपरा है जिसमें सभी अपने घर से व्यंजन लाते हैं और मिल बाँट कर खाते हैं। जो भी मेल-मिलाप की बातें हों, वह भूपेश बघेल को पसंद नहीं। भूपेश बघेल बतायें कि कांग्रेस सम्मेलनों में उनका नमक खाने मंत्री टीएस सिंहदेव क्यों नहीं जा रहे।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!