भाजपा विधायक विद्यारतन भसीन के निधन पर भाजपा में शोक की लहर, भाजपा-परिवार ने उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दी विनम्र श्रद्धांजलि !
June 23, 2023भाजपा विधायक स्वर्गीय विद्यारतन भसीन के दु:खद निधन के बाद आज भाजपा के दुर्ग संभाग के सारे कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए है
समदर्शी न्यूज ब्यूरो, रायपुर
रायपुर : भारतीय जनता पार्टी के विधायक विद्यारतन भसीन के देहावसान की सूचना से प्रदेश भाजपा-परिवार में गहन शोक की लहर व्याप्त हो गई। भाजपा-परिवार ने उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है। वैशाली नगर के भाजपा विधायक विद्या रतन भसीन जी विगत रात्रि 2:44 मिनट पर राजधानी रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में अंतिम सांस लेकर गोलोक प्रस्थान कर गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं ने स्वर्गीय विद्यारतन भसीन जी को श्रद्धांजलि अर्पित की.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्वर्गीय भसीन के निधन से पार्टी ने अपना कुशल व समर्पित कार्यकर्ता और जागरूक जनप्रतिनिधि को खो दिया है। उनके निधन से पार्टी में आई रिक्तता की भरपाई असंभव है। श्री साव ने स्वर्गीय भसीन को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आत्मा की चिरशांति की परमेश्वर से प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ० रमन सिंह ने स्वर्गीय भसीन को जनहित के प्रति समर्पित व जागरूक विधायक बताते हुए उनके निधन को पार्टी की अपूरणीय क्षति बताया। डॉ. सिंह ने कहा कि स्वर्गीय भसीन जनसमस्याओं के निराकरण हेतु मुखरता से आवाज उठाने वाले विधायक के रूप में सदैव याद किए जाएंगे।
प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने विधायक विद्यारतन भसीन के निधन पर गहन शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहन संवेदना व्यक्त की है। श्री चंदेल ने विधायक के तौर पर स्वर्गीय भसीन को याद करते हुए कहा कि उनके देहावसान से सदन में एक मुखर विधायक की कमी हम सबको अनुभव होगी। परमपिता स्वर्गीय भसीन की आत्मा को चिरशांति व शोकाकुल परिजनों को धैर्य व सम्बल प्रदान करें।
भाजपा विधायक स्वर्गीय विद्यारतन भसीन के दु:खद निधन के बाद आज भाजपा के दुर्ग संभाग के सारे कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए है।