रायगढ़ रेंज के पहले डीआईजी श्री राम गोपाल गर्ग ने किया पद भार ग्रहण : सोशल पुलिसिंग, अपराधों की रोकथाम, पुलिसिंग में नवाचार पर की चर्चा, प्रेस को बताया समाज का प्रतिबिंब…..!

Advertisements
Advertisements

प्रेसवार्ता में मीडिया से साझा किये अपना विजन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराना होगी प्राथमिकता.

रायगढ़ डीआईजी रेंज के अधीन जिला रायगढ़, जिला सक्ती और जशपुर को लिया गया है.

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, रायगढ़

रायगढ़ : बीते 27 जुलाई को राज्य शासन द्वारा रेंज आईजीपी के स्थानांतरण तथा नवीन पदस्थापना आदेश के परिपालन में श्री राम गोपाल गर्ग (आईपीएस 2007) द्वारा आज दिनांक 31 जुलाई 2023 को रायगढ़ रेंज रायगढ़ के प्रथम डीआईजी का पद भार ग्रहण किया गया। इसके पूर्व श्री गर्ग द्वारा प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज, सरगुजा के पद पर सेवा दी जा रही थी। आज अम्बिकापुर से सड़क मार्ग होते रायगढ़ सर्किट हाउस पहुंचे, जहां सशस्त्र सलामी गार्ड द्वारा उन्हें सलामी दी गई। सर्किट हाउस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सदानंद कुमार सहित जिले के पुलिस अधिकारियों द्वारा डीआईजी श्री राम गोपाल गर्ग का पुष्प-गुच्छ देकर अभिनंदन किया गया। तदुपरांत श्री गर्ग द्वारा शहर के थाना, चौकी का भ्रमण करते हुये पुलिस कार्यालय में जिले के राजपत्रित अधिकारियों की संक्षिप्त बैठक लेकर परिचय प्राप्त किया गया, बैठक में अधिकारियों से जिले की भौगोलिक स्थिति व कानून व्यवस्था की जानकारी लेकर दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेसवार्ता में मीडिया के साथियों से रूबरू हुये।

प्रेसवार्ता में उन्हें अपने कार्य का विजन और प्रथमिकता बताया गया, प्रेसवार्ता में पत्रकारों द्वारा सोशल पुलिसिंग, कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल पूछे गये, वहीं पत्रकारों की ओर से पुलिस कार्यप्रणाली, सोशल पुलिसिंग के कार्यों पर अपने महत्वपूर्ण सुझाव अधिकारियों से साझा किया गया। श्री गर्ग ने मीडिया को समाज का प्रतिबिंब बताते हुये पुलिसिंग में उनकी भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया गया। उन्होंने रायगढ़ रेंज की व्यवस्था से पुलिसिंग में कसावट के साथ शिकायतों, अपराधों के निराकरण से निश्चित ही आम लोगों को इसका लाभ मिलेगा, बताया गया। प्रेसवार्ता में रायगढ़ पुलिस द्वारा जिले में चलाए जा रहे सामुदायिक पुलिसिंग के कार्य को बेहतर बताते हुये इसे आगे भी चलाया जाना बताया गया तथा अपराधों की रोकथाम और पुलिस प्रणाली में आवश्यक सुधार के लिए अन्य विभागों की तरह पुलिसिंग में भी नवाचार की आवश्यकता बताई गई और इस पर चर्चा की गई।

श्री राम गोपाल गर्ग वर्ष 2007 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं, वे छत्तीसगढ़ के जिला गरियाबंद, कोरिया, बालोद और विशेष सूचना शाखा में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत रहे हैं। साथ ही उन्होंने महामहिम राज्यपाल महोदय के परिसहाय के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं। वर्ष 2015 से 2022 के बीच श्री गर्ग भारत सरकार के सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत रहे। प्रतिनियुक्ति पश्चात वापस आने के उपरांत वे डीआईजी रेंज राजनांदगांव में अपनी सेवाएं दिए। जिसके बाद उनके द्वारा प्रभारी पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज, सरगुजा के रूप में  अपनी सेवाएँ दी जा रही थी, जहां उनका बेहद सफल कार्यकाल रहा। अब वे रायगढ़ रेंज रायगढ़ के प्रथम डीआईजी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। सौम्य व सरल स्वभाव के पुलिस अधिकारी श्री राम गोपाल गर्ग पुलिसिंग में कठोर निर्णय लेने से नहीं चूकते हैं। रायगढ़ डीआईजी रेंज के अधीन जिला रायगढ़, जिला सक्ती और जशपुर को लिया गया है। वर्तमान में डीआईजी कार्यालय के संचालन की अस्थायी व्यवस्था रायगढ़ पुलिस नियंत्रण कक्ष में की गई है।

Advertisements
Advertisements
error: Content is protected !!