दुष्कर्म के आरोपी को 8 घण्टे के अंदर गिरफ्तार करने में कुनकुरी पुलिस को मिली सफलता, घटना के बाद आरोपी भाग रहा था उत्तरप्रदेश, सरगुजा बार्डर पर ही आया पुलिस की पकड़ में

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, कुनकुरी/जशपुर

कुनकुरी: महिला संबधी अपराधों के विरूद्ध सक्रिय जशपुर पुलिस ने मंगलवार को 8 घण्टे के अंदर दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। घटना थाना क्षेत्र कुनकुरी के अन्तर्गत की है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया. जिसको कुनकुरी पुलिस सीमावर्ती जिले के पुलिस थाने के सहयोग से पकड़ने में सफल रही।

प्रकरण की जानकारी देते हुए प्रशिक्षु डीएसपी भानुप्रताप चंद्राकर ने बताया कि आरोपी अब्दुल हमीद पीड़िता को डराते धमकाते हुए जबरन बाइक में बिठाकर 2 किलोमीटर दूर जंगल रास्ते में ले गया जहां उसने दुष्कर्म किया। पीड़िता ने घर आकर घटना के बारे में परिजनों को बताया। परिजनों की रिपोर्ट पर आरोपी अब्दुल हमीद पिता कयूम उम्र 25 वर्ष सिद्धार्थनगर उत्तरप्रदेश के खिलाफ धारा 342,506,376 के तहत अपराध दर्ज किया गया। हमीद बीते 4 सालों से कुनकुरी थाना क्षेत्र में रह रहा है। दुष्कर्म की घटना के बाद आरोपी यूपी भागने की फिराक में था जिसे डीआईजी डी.रविशंकर, एडिशनल एसपी उमेश कश्यप, एएसपी व एसडीओपी कुनकुरी सन्दीप मित्तल के लगातार मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुनील सिंह की टीम ने सरगुजा बॉर्डर पर पकड़ा। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया है।

दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार करने में लगी टीम में प्रशिक्षु डीएसपी भानुप्रताप चंद्राकर, थाना प्रभारी कुनकुरी उप निरीक्षक सुनील सिंह, सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक नसरूद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक हरीशंकर राम, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक जितेन्द्र गुप्ता, नंदलाल यादव, प्रमोद रौतिया, अमित एक्का, पुनम यादव आदि का सक्रिय योगदान रहा।

Related posts