
ब्रेकिंग: नगर पंचायत कुनकुरी में मीना बाजार की आड़ में मेला लगाने का षड़यंत्र हुआ विफल, प्रशासन ने की अनुमति निरस्त
March 12, 2025 Off By Samdarshi Newsसंदेहास्पद दस्तावेज, सुरक्षा एवं शैक्षणिक कारणों से मेला आयोजन किया गया निरस्त
कुनकुरी, 12 मार्च 2025 : नगर पंचायत कुनकुरी में 10 मार्च 2025 से 31 मार्च 2025 तक मीना बाजार की आड़ में मेला लगाने की अनुमति संबंधी आवेदन को प्रशासन ने अस्वीकार कर दिया है। यह निर्णय स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा और शैक्षणिक कारणों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
कुनकुरी निवासी अनवर सिद्धिकी पिता अंसार सिद्धिकी द्वारा नगर पंचायत कुनकुरी में स्थित भूमि खसरा नंबर 287/2 पर मेला बाजार आयोजित करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इस मेला बाजार में ब्रेक डांस, झूला, टॉर-टॉर, बिजली झूला, ड्रैगन झूला, नाव झूला, मिक्की माउस, बेबी ट्रेन, जादू शो और अन्य मनोरंजन एवं व्यापारिक गतिविधियों को शामिल करने का प्रस्ताव था।
कुनकुरी प्रशासन ने इस मामले में थाना प्रभारी कुनकुरी एवं नगर पालिका अधिकारी से रिपोर्ट मांगी, जिसमें नकारात्मक राय दी गई। रिपोर्ट में कहा गया कि पूर्व में मेला आयोजन स्थल के स्वामी अनवर सिद्धिकी पिता अंसार सिद्धिकी द्वारा इस भूमि पर मेला लगाने के लिए ली गई थी। इसी स्थल के लिये पूर्व में आवेदक अभय कुमार पिता देव कुमार राव के द्वारा उक्त भूमि के भूमि स्वामी अनवर सिद्धिकी पिता अंसार सिद्धिकी से दिनांक 01 मार्च 2025 से 25 मार्च 2025 तक मीना बाजार लगाने की सहमति दी गई थी। इस प्रकार भूमि स्वामी की सहमती संदेहास्पद है। तथा इसी बीच स्कूली छात्र-छात्राओं और कॉलेज के विद्यार्थियों की परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिससे शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा, सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए, नगर पंचायत में इस तरह के मेले के आयोजन की अनुमति देना उचित नहीं समझा गया।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कुनकुरी ने स्पष्ट रूप से आदेश में लिखा है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए कुनकुरी में मेला बाजार लगाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। अतः, प्रस्तुत आवेदन निरस्त कर दिया गया है।
इस निर्णय की सूचना संबंधित विभागों को भी दे दी गई है। थाना प्रभारी, कुनकुरी को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर पंचायत कुनकुरी को भी सूचित किया गया है।