मुख्यमंत्री निवास बगिया में नवरात्रि पर्व पर हुआ नौ कन्या भोज का आयोजन.
CM साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने कन्याओं का पद प्रक्षालन कर किया पूजन.
कुनकुरी/जशपुर. 02 अक्टूबर 2025 : नवरात्रि पर्व की नवमी तिथि पर मुख्यमंत्री निवास बगिया में आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने स्वयं उपस्थित होकर नौ कन्याओं का विधिवत पूजन किया, उनके चरण धोए और ससम्मान पारंपरिक भोजन परोसा। कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर चुनरी, कुमकुम और पुष्प अर्पित किए गए। इस अवसर पर निवास परिसर में भक्तिमय वातावरण छाया रहा और उपस्थित लोगों ने भी कन्या पूजन की इस पावन परंपरा में भागीदारी कर नवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व को अनुभव किया।

नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर परंपरागत रूप से कन्या पूजन और कन्या भोज का विशेष महत्व होता है। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री निवास बगिया में नवमी तिथि पर कन्या भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने स्वयं उपस्थित होकर नौ कन्याओं का पूजन किया और उन्हें ससम्मान भोजन कराया। भोज से पहले कन्याओं के चरण धोकर उनका स्वागत किया गया। उन्हें चुनरी, कुमकुम और फूल अर्पित कर देवी स्वरूप मान कर विधिवत पूजा अर्चना की गई। इसके बाद प्रेम और श्रद्धा के साथ पारंपरिक व्यंजनों को परोसा गया।

श्रीमती कौशल्या साय ने कहा कि कन्याओं में मां दुर्गा का स्वरूप निहित होता है, और इनका पूजन करने से सुख-समृद्धि, शांति और शक्ति की प्राप्ति होती है। उन्होंने नवरात्रि पर्व पर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी कन्या भोज में सहभागिता की और नवरात्रि पर्व की महत्ता को महसूस किया। मुख्यमंत्री निवास का वातावरण पूरे दिन भक्तिमय और उत्सवमय बना रहा।
