जशपुर ब्रेकिंग: निजी स्कूल के स्टडी रूम में छात्रा की संदिग्ध मौत — सुसाइड नोट में प्राचार्य पर आरोप, प्राचार्य हिरासत में; पुलिस ने तेज़ जांच शुरू की

जशपुर : थाना बगीचा क्षेत्र के एक निजी हायर सेकेंडरी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। घटना रविवार को उस वक्त सामने आई जब छात्रा स्कूल के स्टडी रूम में मृत अवस्था में पाई गई। सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नोट में छात्रा ने स्कूल के प्राचार्य पर अनुचित व्यवहार और बैड-टच के आरोप लगाए हैं। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुसाइड नोट की सामग्री का आधिकारिक खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही किया जाएगा।

प्राचार्य हिरासत में, पूछताछ जारी

सुसाइड नोट में कथित तौर पर लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने स्कूल के प्राचार्य को हिरासत में ले लिया है। उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

छात्रावास संचालन पर सवाल

मृतिका पत्थलगांव के हीरावापारा गांव की रहने वाली थी और स्कूल के ही छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। स्थानीय स्रोतों के अनुसार, ग्रामीणों की एक समिति द्वारा संचालित यह स्कूल छात्रावास चलाने की अधिकृत अनुमति नहीं रखता, जिससे संस्था की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस जांच तेज, कई बिंदुओं पर पूछताछ

एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं और पुलिस छात्रा के परिवार, सहपाठियों तथा स्कूल प्रबंधन से विस्तृत पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि—

मामला अत्यंत संवेदनशील है। सुसाइड नोट की वास्तविक सामग्री की जांच की जा रही है। किसी भी निष्कर्ष पर पहुँचने से पहले सभी तथ्य जुटाए जा रहे हैं।”

Related posts