रात में टूटा शटर, लाखों का माल गायब… पुलिस ने ऐसे दबोचा पूरा चोरी गैंग, जशपुर से झारखंड तक फैला चोरी का नेटवर्क ! किराना दुकान लूटने वाले छः आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल.

मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 10 मई 2026 को प्रार्थी विक्रम ताम्रकार उम्र 37 वर्ष निवासी मधुबन टोली जशपुर ने थाना सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसका विक्रम किराना दुकान के नाम से जशपुर के लक्ष्मी गुडी मंदिर के पास एक किराना का दुकान है। दिनांक 08 मई 2026 की रात्रि करीबन 10:00 बजे वह अपनी दुकान के शटर को बंद कर अपने घर चला गया था।  दूसरे दिन दिनांक 09 मई 2026 की सुबह करीबन 08:30 बजे उसके ड्राइवर के द्वारा, फोन कर उसे सूचना दी गई कि उसके दुकान के शटर के ताले को किसी के द्वारा तोड़ दिया गया है व शटर को भी खींचा गया है। जिस पर प्रार्थी तत्काल दुकान पहुंचकर देखा तो पाया उसके दुकान के शटर का ताला नहीं था, व शटर भी दाहिनी ओर खींचा हुआ था, जिस पर वह आस पास के लोगों की मदद से शटर को ऊपर उठा कर, दुकान के अंदर जाकर देखा तो पाया कि उसके दुकान से हरि केशरी कंपनी के रिफाइन तेल का 60 डब्बा, चावल बोरी 25 कट्टा,15 कार्टून रिफाइन तेल कार्टून व अन्य खाद्य सामग्री सहित कुल 1 लाख रुपये कीमत की सामग्री को किसी के द्वारा चोरी कर ले जाया गया है।

प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपियों की धर पकड़ हेतु डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के द्वारा एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में 04 विशेष पुलिस की टीम गठित की गई थी।

पुलिस टीम के द्वारा लगातार संदिग्धों से पूछताछ करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेजों का खंगाल जा रहा था, साथ ही पुलिस की टेक्निकल/साइबर टीम की भी मदद ली जा रही थी व पुलिस के मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया था। इसी दौरान पुलिस की टीम को पता चला कि मामले में जशपुर के नवाटोली, बनियाटोली, सरनाटोली तथा करबला चौक मोहल्ले के निवासी क्रमशः विक्रम भगत उर्फ लड्डू, कार्तिक भगत, अजय रवानी, पमीत बरला तथा नवाजिश खान की भूमिका संदिग्ध है, जिस पर पुलिस टीम के द्वारा क्रमशः विक्रम भगत उर्फ लड्डू, कार्तिक भगत, अजय रवानी, पमीत बरला को हिरासत में लिया गया।

पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए संदिग्ध विक्रम भगत उर्फ लड्डू, कार्तिक भगत, अजय रवानी, पमीत बरला ने चोरी करना स्वीकार करते हुए बताया कि घटना दिनांक को उनके द्वारा नवाजिश खान के साथ मिलकर, किराना दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था व चोरी के माल को नावाजिश खान के ऑटो में भरकर झारखंड राज्य के जिला गुमला थाना जारी अंतर्गत ग्राम सकतार निवासी दुकानदार अमृत लाल केरकेट्टा को बेचा गया था। जिस पर पुलिस के टीम के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए ग्राम सकतारा थाना जारी जिला गुमला से चोरी के सामान के खरीददार अमृत लाल को हिरासत में लेकर लाया गया। मामले से जुड़ा अन्य आरोपी नवाजिश खान, पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया था, जिसे कि पुलिस की टीम के द्वारा साइबर टीम की मदद से सिमडेगा झारखंड से पकड़ कर लाया गया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे चोरी की 58 डिब्बा 13 लीटर वाला हरी केशरी कंपनी का रिफाइन तेल, 07 बोरी चावल, 15 पाउच रिफाइन तेल, 34 बोतल 200 ग्राम वाला सरसों तेल, 01पेटी साबुन व 36 पैकेट सिगरेट को बरामद करते हुए, चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 1005/- रुपये तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक JH-07-E-7736 को भी किया जप्त को भी जप्त किया है।

प्रकरण में आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर, पांच आरोपी क्रमशः 1. विरेन्द्र भगत उम्र 29 वर्ष निवासी नवाटोली जशपुर, 2. अजय रवानी उम्र 40 वर्ष निवासी बनिया टोली जशपुर, 3. कार्तिक भगत उम्र 26 वर्ष निवासी नवाटोली जशपुर, 4. पमित बरला उम्र 20 वर्ष निवासी सरना टोली जशपुर, 5. (चोरी के सामान का खरीददार) अमृत लाल केरकेट्टा उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम सकतारा थाना जारी, जिला गुमला झारखंड को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 18 मई 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

सिमडेगा झारखंड से ढूंढ कर लाए गए फरार आरोपी नवाजिश खान उम्र 34 वर्ष निवासी करबला रोड जशपुर जिला जशपुर छग, न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।

Related posts