मोबाइल ट्रैकिंग से गांजा सप्लाई चेन नेटवर्क ध्वस्त, मुख्य सप्लायर पुलिस के शिकंजे में, जशपुर से मास्टर सप्लायर गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत कापू पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर चिंतामणी उर्फ चेता यादव को जिला जशपुर के पत्थलगांव क्षेत्र में दबिश देकर गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

विदित हो कि दिनांक 03 जून 2026 को थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पखनाकोट सुकवासुपारा में अवैध रूप से गांजा बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा दबिश देकर आरोपिया श्रीमती चम्पा यादव पति रवि कुमार यादव, उम्र 58 वर्ष निवासी पखनाकोट सुकवासुपारा के कब्जे से बिक्री हेतु रखा गया 0.818 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹13,000 तथा एक ओप्पो A11K मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपिया ने घर से गांजा बिक्री करना स्वीकार करते हुए गांजा चिंतामणी उर्फ चेता यादव से प्राप्त करना बताया था। मामले में थाना कापू में अपराध क्रमांक 16/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने चम्पा यादव और चिंतामणी उर्फ चेता यादव के बीच मोबाइल पर हुई बातचीत के रिकॉर्ड का विश्लेषण किया, जिसमें दोनों के बीच संपर्क की पुष्टि हुई। इसके आधार पर आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही थी।

कल कापू पुलिस ने जिला जशपुर के पत्थलगांव क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी चिंतामणी उर्फ चेता यादव पिता मनधरी यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी कोडेकेला, थाना पत्थलगांव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने दिनांक 03 जून 2026 को चम्पा यादव को ₹6,500 में गांजा उपलब्ध कराना स्वीकार किया तथा बताया कि प्राप्त रकम में से ₹4,500 खर्च हो चुके हैं।

आरोपी के कब्जे से शेष ₹2,000 नगद, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG-14-MR-9024, आरसी कार्ड तथा एक काला रंग का मोबाइल फोन जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी – चिंतामणी उर्फ चेता यादव पिता – मनधरी यादव,उम्र – 30 वर्ष निवासी – ग्राम कोडेकेला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर (छ.ग.).

जप्ती – ₹2,000 नगद, एक मोबाइल फोन हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG-14-MR-9024, आरसी कार्ड.

Related posts