कुनकुरी में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी पर मचा हड़कंप! छत की ढलाई से पहले सेंट्रिंग कार्य के दौरान मजदूर नीचे गिरा, गंभीर हालत में रेफर, सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप

कुनकुरी। नगर के पंजाब नेशनल बैंक के सामने स्थित बालक शाला परिसर में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन में शुक्रवार दोपहर निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। छत की ढलाई के लिए सेंट्रिंग (शटरिंग) का कार्य करते समय एक मजदूर ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य मजदूरों तथा स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

घायल मजदूर की पहचान सिलबानुस तिग्गा (50 वर्ष), पिता इमिल तिग्गा, निवासी ग्राम रजैटी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब भवन की छत की ढलाई के लिए सेंट्रिंग का कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर ऊंचाई पर कार्य कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा।

यह आंगनबाड़ी भवन नगर पंचायत कुनकुरी द्वारा लगभग 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित कराया जा रहा है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार्यस्थल पर ऊंचाई पर काम करने वाले मजदूरों के लिए आवश्यक सुरक्षा उपकरण, जैसे सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, सुरक्षा जाल (सेफ्टी नेट) अथवा अन्य सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त रूप से नजर नहीं आए। यदि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाता, तो इस प्रकार की दुर्घटना की संभावना काफी हद तक कम हो सकती थी।

निर्माण कार्यों में श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना निर्माण एजेंसी और संबंधित ठेकेदार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है। श्रम सुरक्षा नियमों के अनुसार ऊंचाई पर कार्य करने वाले मजदूरों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना तथा उनकी निगरानी करना अनिवार्य माना जाता है। ऐसे में यह हादसा निर्माण कार्य में संभावित लापरवाही और सुरक्षा प्रबंधन की कमी की ओर संकेत करता है।

फिलहाल घायल मजदूर का उपचार जारी है और उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। वहीं घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Related posts