‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत सोनाखान पुलिस की अनोखी पहल, SBI फाउंडेशन कोचिंग सेंटर में 50 अभ्यर्थियों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से किया सतर्क; फेक कॉल, UPI फ्रॉड और जॉब स्कैम से बचाव के बताए आसान उपाय

‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत चौकी सोनाखान पुलिस टीम द्वारा एसबीआई फाउंडेशन कोचिंग सेंटर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

कोचिंग सेंटर के 50 छात्र-छात्राओं एवं अभ्यर्थियों को साइबर अपराधों व बचाव के तरीकों के प्रति किया गया जागरूक

डिजिटल अरेस्ट, यूपीआई फ्रॉड, जॉब स्कैम एवं सोशल मीडिया प्राइवेसी के संबंध में दी गई विस्तृत जानकारी

गांधी जयंती के अवसर पर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प

​बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन, में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा जिले भर में चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत निरंतर शैक्षणिक संस्थानों एवं कोचिंग सेंटरों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 02.10.2026 को चौकी सोनाखान पुलिस टीम द्वारा एसबीआई (SBI) फाउंडेशन द्वारा संचालित कोचिंग सेंटर सोनाखान में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

​कार्यक्रम का विवरण एवं दी गई महत्वपूर्ण जानकारियां:- आज आयोजित इस कार्यक्रम में सोनाखान पुलिस टीम द्वारा एसबीआई फाउंडेशन कोचिंग सेंटर में अध्ययनरत लगभग 50 छात्र-छात्राओं एवं अभ्यर्थियों को डिजिटल युग में होने वाले विभिन्न साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

1. डिजिटल अरेस्ट एवं फेक कॉल से बचाव:*- अभ्यर्थियों को बताया गया कि कोई भी सरकारी एजेंसी या पुलिस अधिकारी वीडियो कॉल पर गिरफ्तार करने की धमकी नहीं देता। ऐसे किसी भी कॉल से डरें नहीं और तुरंत पुलिस को सूचित करें।

2. वित्तीय एवं यूपीआई धोखाधड़ी: यूपीआई पिन केवल पैसे भेजने के लिए होता है, पैसे प्राप्त करने के लिए नहीं। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर क्यूआर (QR) कोड स्कैन न करें और न ही ओटीपी (OTP) साझा करें।

3. ​जॉब फ्रॉड एवं पार्ट-टाइम टास्क स्कैम: ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब या वर्क फ्रॉम होम के नाम पर होने वाले फर्जीवाड़े से सतर्क रहने की सलाह दी गई।

4. ​सोशल मीडिया प्राइवेसी: अपनी निजी जानकारी, तस्वीरें एवं बैंक डिटेल्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा न करने तथा टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया।

​जागरूकता का दिया गया संदेश:- कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अभ्यर्थियों से ‘मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं’ का संकल्प दिलवाया गया और उन्हें अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

​पुलिस की अपील:- बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस समस्त नागरिकों एवं युवाओं से अपील करती है कि सतर्क रहें और किसी भी अनजान लिंक या झांसे में न आएं। यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होती है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

Related posts