कुनकुरी में पुलिस अभिरक्षा से आरोपी का ‘फिल्मी’ फरार! चलती बाइक से झटका देकर गिराया, पुलिसकर्मियों से भिड़ा और दांत से काटकर जंजीर समेत भाग निकला—तलाश में जुटी पुलिस टीम

कुनकुरी में पुलिस अभिरक्षा से आरोपी का फिल्मी अंदाज में फरार! चलती बाइक गिराई, दो पुलिसकर्मियों से भिड़ा, दांत से काटकर जंजीर समेत भागा

ईशा क्लिनिक के पास अचानक मचाया हड़कंप, धक्का-मुक्की में दो पुलिसकर्मी घायल; आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने शुरू की छापेमारी

कुनकुरी : कुनकुरी में एक आरोपी द्वारा पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को दो पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल से कुनकुरी थाना लेकर आ रहे थे। इसी दौरान ईशा क्लिनिक के पास आरोपी ने अचानक झटका देकर चलती मोटरसाइकिल गिरा दिया और भागने की कोशिश की।

आरोपी को पकड़ने के लिए दोनों पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद सड़क पर ही आरोपी और पुलिसकर्मियों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हुई। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को दांत से काटकर खुद को छुड़ाया और हाथ में लगी जंजीर समेत मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, कुनकुरी क्षेत्र के डीपाटोली निवासी बताए जा रहे विकाश एक्का उर्फ नानहू को पुलिस काफी समय से तलाश रही थी। पुलिसकर्मी उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर कुनकुरी थाना ला रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई। संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुका है। ऐसे में पुलिस उसकी तलाश के साथ-साथ उसके संभावित संपर्कों और ठिकानों की भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Related posts