MRM पोर्टल के माध्यम से साइबर फ्रॉड की राशि वापस कराने में नॉर्थ जोन पुलिस को सफलता
ऑनलाइन ठगी के 02 मामलों में पीड़ितों की ₹15,737/- राशि वापस कराई गई
रायपुर : ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के मामलों में पीड़ितों की ठगी गई राशि वापस कराने के लिए नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के 02 साइबर फ्रॉड मामलों में MRM (Money Restoration Module) के माध्यम से कुल ₹15,737/- की राशि पीड़ितों को वापस कराई गई।
क्या है MRM पोर्टल?
MRM (Money Restoration Module) साइबर फ्रॉड के मामलों में ठगी गई राशि की वापसी की प्रक्रिया में पुलिस, बैंक एवं संबंधित वित्तीय संस्थाओं के बीच समन्वय का माध्यम है। साइबर फ्रॉड की सूचना समय पर मिलने पर पुलिस द्वारा संबंधित बैंकिंग लेन-देन की जानकारी के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए राशि को पीड़ित तक वापस कराने का प्रयास किया जाता है।
दो पीड़ितों को वापस कराई गई राशि
वर्षा कुमारी नेताम, निवासी सूर्या नगर गोगांव, थाना गुढ़ियारी के साथ ₹27,000/- का ऑनलाइन फ्रॉड हुआ था। थाना गुढ़ियारी द्वारा MRM पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए ₹10,737/- की राशि वापस कराई गई।
इसी प्रकार नागेश्वर कुमार, निवासी गुढ़ियारी के साथ ₹5,000/- का ऑनलाइन फ्रॉड हुआ था। MRM पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई कर पूरी ₹5,000/- राशि वापस कराई गई।
इस प्रकार दोनों मामलों में कुल ₹15,737/- की राशि पीड़ितों को वापस कराई गई।
साइबर फ्रॉड होते ही तुरंत करें ये काम
यदि आपके साथ ऑनलाइन फ्रॉड हो जाए तो समय बिल्कुल बर्बाद न करें। तत्काल 1930 पर कॉल करें और National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही बैंक को तत्काल सूचित कर संबंधित खाते/लेन-देन पर आवश्यक कार्रवाई के लिए जानकारी दें।
जितनी जल्दी साइबर फ्रॉड की सूचना पुलिस एवं बैंकिंग संस्थाओं को दी जाएगी, ठगी गई राशि को रोकने एवं वापस कराने की संभावना उतनी ही बेहतर होगी।
नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा साइबर फ्रॉड के मामलों में त्वरित कार्रवाई, तकनीकी माध्यमों एवं MRM पोर्टल के जरिए पीड़ितों की ठगी गई राशि वापस कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
