यातायात संभालते-संभालते अपराधी पर भी कसा शिकंजा: रायपुर रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-1 पर युवती से मोबाइल छीनकर भाग रहे आरोपी को आरक्षक शेख जुम्मन और नगर सैनिक मोहसिन खान ने दौड़ाकर पकड़ा, मोबाइल बरामद कर पीड़िता को सौंपा

यातायात पुलिस के जवानों की सजगता और सतर्कता

युवती से मोबाइल झपटकर भाग रहे आरोपी को पीछा कर पकड़ा

युवती को तस्दीक कर मोबाइल सकुशल किया गया सुपूर्द

आरोपी के विरुद्ध किया गया प्रतिबंधात्मक कार्यवाही

युवती ने यातायात पुलिस का आभार व्यक्त कर दिया धन्यवाद

रायपुर : यातायात व्यवस्था संभालने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के जवानों ने उत्कृष्ट मुस्तैदी का परिचय दिया है।रेलवे स्टेशन क्षेत्र में आमजन की सुरक्षा व यातायात नियंत्रण हेतु तैनात यातायात थाना फफड़ीह के आरक्षक क्रमांक 106 शेख जुम्मन एवं नगर सैनिक क्रमांक 03 मोहसिन खान को  सूचना मिली कि गेट नंबर-01 के पास एक व्यक्ति एक युवती का मोबाइल जबरदस्ती छीनकर तेजी से भाग रहा है।

सूचना मिलते ही दोनों जवानों ने तत्परता दिखाई और भाग रहे आरोपी का पीछा शुरू किया। जवानों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में सूझबूझ का परिचय देते हुए घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से युवती का छीना हुआ मोबाइल बरामद हुआ। आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु थाना गंज के सुपुर्द किया गया, जहां उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की गईं। तत्पश्चात मोबाइल धारक युवती को थाना बुलाकर मोबाइल विधिवत वापस लौटा दिया गया।

कर्तव्य के प्रति निष्ठा, सतर्कता और त्वरित साहस प्रदर्शित करने वाले दोनों जवानों की पुलिस अधिकारियों द्वारा सराहना की गई है।साथ ही प्रथिया द्वारा मोबाइल वापस पाकर धन्यवाद ज्ञापित किया गया ।

रायपुर पुलिस की अपील:

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता:- रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं व्यस्त बाजारों में चलते समय अपने मोबाइल फोन, बैग एवं कीमती सामान के प्रति विशेष सतर्कता बरतें।

चलते समय असावधानी से बचें:- सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर चलते समय फोन पर अत्यधिक ध्यान मग्न रहने से बचें, ताकि असामाजिक तत्वों को मौका न मिले।

संदिग्ध गतिविधि की त्वरित सूचना:- किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या आपराधिक गतिविधि की आशंका होने पर तुरंत निकटतम पुलिस बूथ, ड्यूटी पर तैनात जवानों ,कंट्रोल रूम या डायल 112 पर सूचना दें।

Related posts