महतारी वंदन की ₹1,000 मासिक राशि से बेटियों के भविष्य की मजबूत हो रही नींव, शबनम खातून सुकन्या समृद्धि खाते में कर रहीं नियमित निवेश — कभी बचत करना था मुश्किल, अब बेटी की पढ़ाई और सपनों के लिए हर महीने जुड़ रही रकम

सफलता की कहानी

सेवा संकल्प अभियान 2026

सेवा की कहानी: महतारी वंदन से संवर रहा बेटियों का भविष्य

जशपुरनगर : छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ-साथ बेटियों के सुरक्षित भविष्य का भी आधार बन रही है। 25 वर्ष सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले की हितग्राही महिलाओं में इस योजना को लेकर विशेष उत्साह है।

बेटी के नाम सुकन्या योजना में कर रही निवेश

जिले की हितग्राही शबनम खातून ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हो रही है। इस राशि का उपयोग वे अपनी बेटी के लिए खोले गए सुकन्या समृद्धि योजना के खाते में जमा करने के लिए कर रही हैं।

शबनम का कहना है कि यह छोटी-छोटी बचत ही उनकी बेटी की पढ़ाई-लिखाई और भविष्य को सुरक्षित करेगी। पहले बेटी के लिए अलग से बचत करना मुश्किल था, लेकिन अब हर महीने मिलने वाली राशि से यह संभव हो पाया है।

हितग्राही का कथन :-

“मेरा नाम शबनम खातून है, मैं छत्तीसगढ़ की निवासी हूँ और जो मेरे छत्तीसगढ़ के विष्णु देव साय भैया हैं, वो हर महीने मेरे खाते में एक हजार रुपया देते हैं, वो मैं अपनी बच्ची की सुकन्या योजना में जमा करती हूँ। कभी बच्ची की पढ़ाई-लिखाई में उपयोग करती हूँ। मैं बहुत खुश हूँ और तहे दिल से हमारे विष्णु भैया को धन्यवाद देना चाहती हूँ।”

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की इस पहल से जिले की हजारों माताएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि अपनी बेटियों के सपनों को भी नई उड़ान दे रही हैं।

Related posts