उत्तर क्षेत्र में रायपुर पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, होटल-लॉज एवं ढाबों में की गई सघन जांच
रायपुर : पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) आदित्य पाण्डेय के निर्देशन एवं नेतृत्व में उत्तर क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष पुलिस टीमों द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पतासाजी कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से दिनांक 20.11.2026 को रात्रि में उत्तर क्षेत्र के थाना उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, पंडरी एवं खम्हारडीह क्षेत्रों में स्थित विभिन्न होटल, लॉज एवं ढाबों में सघन जांच एवं चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान होटल, लॉज एवं ढाबों में ठहरे व्यक्तियों की जानकारी एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। साथ ही, संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने यहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पहचान पत्र एवं आवश्यक विवरण अनिवार्य रूप से संधारित करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस टीमों द्वारा संबंधित संचालकों एवं व्यक्तियों को सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के संबंध में आवश्यक समझाइश भी दी गई।
रायपुर पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।
