मोबाइल पर आने वाला हर मैसेज भरोसेमंद नहीं, एक गलती पड़ सकती है भारी! बलौदाबाजार पुलिस ने स्कूल में लगाया साइबर जागरूकता शिविर, बताया कैसे बचें ऑनलाइन ठगों के जाल से।

बलौदाबाजार-भाटापारा द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय औरेठी में सायबर जागरूकता शिविर का आयोजन।

विद्यार्थियों और स्टाफ को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया सुरक्षा एवं डिजिटल हाइजीन के प्रति किया गया जागरूक।

किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करने की दी गई सलाह।

बलौदाबाजार-भाटापारा : आपके मोबाइल पर आया एक अनजान लिंक, व्हाट्सएप पर मिला कोई आकर्षक ऑफर या बैंक अधिकारी बनकर आया एक फोन कॉल… आपकी एक छोटी सी चूक बैंक खाते को खाली कर सकती है। डिजिटल दुनिया में साइबर ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। खासकर विद्यार्थी और युवा भी सोशल मीडिया, फर्जी लिंक और ऑनलाइन धोखाधड़ी के खतरे से अछूते नहीं हैं। इसी खतरे को देखते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस सीधे स्कूल पहुंची और विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय औरेठी में आयोजित शिविर में पुलिस ने बताया कि कैसे फर्जी मैसेज, संदिग्ध लिंक, नकली APK फाइल और OTP साझा करने की गलती साइबर ठगी का कारण बन सकती है। साथ ही ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने और cybercrime.gov.in पोर्टल का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा जिले के युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को डिजिटल व साइबर अपराधों के प्रति सतर्क तथा जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 28.11.2026 को थाना सिमगा पुलिस टीम द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, औरेठी में सायबर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में दी गई प्रमुख जानकारियां:– 1. ​शिविर के दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को वर्तमान समय में प्रचलित साइबर अपराधों के तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी:

2. ​संदिग्ध लिंक एवं फर्जी मैसेज से बचाव:- अनजान नंबरों से आए SMS, WhatsApp मैसेज या संदिग्ध लिंक (जैसे फर्जी चालान, लॉटरी, पार्सल या सरकारी योजना से जुड़े लिंक) पर क्लिक न करने तथा अज्ञात APK फाइल डाउनलोड/इंस्टॉल न करने की समझाइश दी गई।

3. ​सोशल मीडिया एवं अकाउंट सुरक्षा:- इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप आदि सोशल मीडिया अकाउंट्स की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) चालू रखने और अनजान व्यक्तियों से संवेदनशील जानकारी या ओटीपी (OTP) साझा न करने के लिए प्रेरित किया गया।

4. ​वित्तीय धोखाधड़ी से सतर्कता:- ऑनलाइन लेन-देन, क्यूआर कोड स्कैन करने तथा फर्जी कॉल/प्रलोभनों के माध्यम से होने वाली ठगी के प्रति सावधान रहने की जानकारी दी गई।

​त्वरित सहायता एवं शिकायत माध्यम:- ​पुलिस टीम ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों व नागरिकों को बताया कि यदि कभी भी किसी के साथ ऑनलाइन/आर्थिक साइबर ठगी होती है या कोई संदिग्ध गतिविधि सामने आती है, तो बिना देर किए:​राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत कॉल करें www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें अथवा अपने नजदीकी पुलिस थाने या साइबर सेल से संपर्क करें।

Related posts