कलेक्टर ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और उप तहसील कार्यालय का निरीक्षण, बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करें स्वास्थ्य अधिकारी- कलेक्टर

उपतहसील कार्यालय में कलेक्टर ने ली लंबित राजस्व प्रकरणों की जानकारी

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो, राजनांदगांव

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज राजनांदगांव जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत घुमका में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और उप तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यहां स्वास्थ्य अधिकारियों से बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने कहा। उन्होंने पुरूष वार्ड, महिला वार्ड, प्रसूति वार्ड का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने दंत चिकित्सा कक्ष में भी पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। दंत चिकित्सा कक्ष में की जा रही उपचार की सुविधा को लेकर उन्होंने खुशी जाहिर की।

उन्होंने कहा कि बड़े अस्पतालों की तरह इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार की व्यवस्था है। कलेक्टर ने यहां के पंचकर्म की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यहां पंचकर्म बहुत ही बेहतर है। चिकित्सकों से कहा कि आम नागरिक अपनी स्वास्थ्य समस्या को लेकर यहां आते हैं। उन्हें सहानुभूतिपूर्वक सेवा के साथ ही सलाह की विशेष आवश्यकता होती है। इससे वे शीघ्र स्वस्थ होते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से उपचार के दौरान गंभीरतापूर्वक दायित्यों का निर्वहन करने को कहा।

कलेक्टर ने ली लंबित राजस्व प्रकरणों की जानकारी

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज घुमका में उप तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यहां लंबित राजस्व प्रकरणों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। कलेक्टर ने कहा कि आम जनता से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करना सुनिश्चित करें। आम जनता सबसे ज्यादा राजस्व से संबंधित प्रकरणों को लेकर चिंतित रहते हैं। कृषि से जुड़े होने के चलते उन्हें जमीन संबंधी मामलों से अधिक कार्य होता है। जिनका समय पर समाधान होने से किसानों को अनेक प्रकार की समस्या से निजात मिलती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार शीघ्र ही पूर्ण तहसील के रूप में कामकाज शुरू हो जाएगा। इसके लिए उन्होंने आवश्यक तैयारी के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी लोकेश चंद्राकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements
error: Content is protected !!