कांग्रेस सरकार की बेरहमी, दिल्ली की कांग्रेसी बहनों की आव-भगत और हड़ताल पर बैठी हज़ारों बहनों से बेरुखी – शालिनी राजपूत

छत्तीसगढ़ की मातृ-शक्ति का अपमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी निष्ठुर सरकार को बहुत भारी पड़ेगा

समदर्शी न्यूज ब्यूरो, रायपुर

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री निवास में कांग्रेस की बहनों को दिल्ली से बुलाकर उनकी शाही आव-भगत करने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को छत्तीसगढ़ की उन हज़ारों महिलाओं की कोई परवाह नहीं है, जो अपनी जायज मांगों के लिए तीज-तिहार के मौके पर हड़ताल पर बैठी हुई हैं।

प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि पोरा त्यौहार पर मुख्यमंत्री निवास पर दिल्ली से बुलाई गई कांग्रेस की महिला नेताओं की खातिरदारी में इसलिए कोई कमी नहीं छोड़ी ताकि वे कांग्रेस के मालिकों तक भूपेश बघेल का झूठा प्रचार कर सकें। लेकिन छत्तीसगढ़ की जिन महिलाओं के बहाने मुख्यमंत्री निवास पर मजमा लगाया गया, वे भारी अव्यवस्था का शिकार हुईं। महिलाओं को मुख्यमंत्री के दरबार में लाने, ले जाने तक ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा कि उनका दम घुटने की नौबत आ गई।

प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि बघेल सरकार की संवेदनहीनता के कारण हड़ताल पर बैठी हज़ारों महिलाओं के साथ भूपेश बघेल कैसा बर्ताव कर रहे हैं, उसकी पोल तो उनके सहयोगी मंत्री ने ही खोलकर रख दी है। उन्होंने कहा लो छत्तीसगढ़ की मातृ-शक्ति का अपमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी निष्ठुर सरकार को बहुत भारी पड़ेगा।

Related posts