जशपुर जिले के जनसंपर्क विभाग द्वारा मनोरा विकासखंड के घाघरा में लगाई गई फोटो प्रदर्शनी, शिविर में आमजनों को दी जा रही है विभागीय योजनाओं की जानकारी

ग्रामीणजनों ने कहा कि उन्हें प्रदर्शनी के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के संबंध में मिल रही है जानकारी

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

जशपुर. राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा मनोरा विकासखंड के घाघरा के बाजारडांड में फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। फोटो प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, महिला उत्थान के लिए संचालित योजनाऐं, लघु वनोपज की खरीदी से लाभ, तेन्दूपत्ता संग्रहण, पेयजल आपूर्ति, समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी,  धन्वंतरी योजना , गोधन न्याय योजनांतर्गत गोबर खरीदी, डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना, मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना, परंपरागत निवासियों को न्याय, छोटे भू-खण्डों की खरीदी-बिक्री शुरू, लॉकडाउन में मनरेगा बना रोजगार का सबसे बड़ा साधन, नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी, सार्वभौम पीडीएस इत्यादि को प्रदर्शित करते हुए राज्य में लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी दी गई है। प्रदर्शनी स्थल में विभिन्न योजनाओं से संबंधित ब्रोशर, पुस्तक, पाम्पलेट इत्यादि का वितरण भी किया जा रहा है।

प्रदर्शनी में घाघरा निवासी बुधराम,अजय राम, स्टेफन टोप्पो, खरदना के सुशील, सुरजुला के डेविड, अजीत, गुतकिया के राजू, केराकोना के सुबेदार राम सहित अन्य ग्रामीणों ने फोटो प्रदर्शनी अवलोकन करते हुए छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में आकर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिली है और वे गांव में जाकर भी इसकी जानकारी अन्य ग्रामीणजनों को देंगे ताकि अधिक से अधिक लोग शासन की योजनाओं का लाभ उठा सके।

Related posts