कुनकुरी, 15 अगस्त 2025। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कुनकुरी नगर पंचायत में देशभक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने जयस्तंभ चौक पर माल्यार्पण कर आज़ादी के अमर बलिदानियों को नमन किया। इस अवसर पर नगरवासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत की आज़ादी के इतिहास, विकास यात्रा और भविष्य की योजनाओं पर प्रेरक विचार रखे।
गुलामी से विकास की ओर – भारत की प्रगति पर गर्व
अध्यक्ष विनयशील ने अपने उद्बोधन में कहा— “जब भारत अंग्रेज़ों की 200 वर्षों की गुलामी से मुक्त हुआ, तब देश में ग़रीबी और भुखमरी व्याप्त थी। 35 करोड़ की आबादी में मात्र 7 प्रतिशत लोग ही साक्षर थे। हमारे पूर्वज महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, बाबा साहेब अंबेडकर और बिरसा मुंडा जैसे महानायकों ने कठिन संघर्ष कर हमें आज़ादी दिलाई।”
उन्होंने बताया कि आजादी के बाद 70 वर्षों में भारत ने अद्भुत प्रगति की है—आज हम न केवल अपनी जनता को बल्कि अन्य देशों को भी राशन देने में सक्षम हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां इतनी बड़ी हैं कि दुनिया के लोग यहां इलाज और शिक्षा पाने आते हैं। भारत ने गुट निरपेक्ष आंदोलन के माध्यम से पूरी दुनिया को शांति और सहअस्तित्व का संदेश दिया, जिसका अनुसरण आज भी कई देश करते हैं।
संविधान से मिली समानता और अधिकार
विनयशील ने कहा कि आजादी के बाद बने भारत के संविधान ने सभी नागरिकों को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक बराबरी प्रदान की। महिलाओं को मतदान का अधिकार मिला और हर व्यक्ति को एक वोट का समान अधिकार दिया गया। उन्होंने अपील की कि हमें अपने इस अधिकार को सुरक्षित रखना चाहिए और जागरूक मतदाता बनना चाहिए।
कुनकुरी – मिनी इंडिया का उदाहरण
अध्यक्ष ने कुनकुरी की सामाजिक-सांस्कृतिक विविधता की सराहना करते हुए कहा—“कुनकुरी भारत का एक जीवंत प्रतीक है, जहां सभी धर्म, जाति और समुदाय के लोग प्रेम और सौहार्द के साथ रहते हैं। हमें सर्वधर्म समभाव के सिद्धांत को जीवन में अपनाकर एक-दूसरे के साथ प्रेमपूर्वक रहना चाहिए।”
नगर पंचायत की उपलब्धियां और योजनाएं
अपने संबोधन में अध्यक्ष ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि अब नगर पंचायत भ्रष्टाचार मुक्त हो चुकी है और सभी कार्य जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप किए जा रहे हैं। महिलाओं की सुविधा के लिए राशन दुकानों की संख्या 3 से बढ़ाकर 6 कर दी गई है।
कुनकुरी के समग्र विकास के लिए 180 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भेजे गए हैं। जैसे ही फंड स्वीकृत होगा, तेजी से विकास कार्य शुरू होंगे। फिलहाल 50 लाख रुपये का टेंडर जारी किया जा चुका है, जिसमें अब हर कोई भाग ले सकता है।
अध्यक्ष ने कहा—“हमारी प्राथमिकता जनता की सेवा है। नगर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षद 24 घंटे नगरवासियों के लिए उपलब्ध रहते हैं।”
कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति
जयस्तंभ चौक पर आयोजित इस भव्य समारोह में नगर के गणमान्य नागरिक मुरारी लाल अग्रवाल, कैलाश नाथ गुप्ता, खालिद सिद्धकी, सुखदेव साय, दिलीप जैन, एस. इलियास, दीपक मिश्रा, विनीत जिंदल, बृजलाल राणा, मयूर गर्ग, नीरज पारीक, गजानन गुप्ता, विवेक बजाज, जयंत लकड़ा, मेहुल जैन सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपक केरकेट्टा, पार्षद मुक्ति मिंज, नील कुजूर, रुकसाना बानो, अजीत किस्पोट्टा, मुकेश नायक, राजेश ताम्रकार, रोहित सिंह, शीतल बजाज, अनीता गुप्ता, सावित्री चौहान और पूर्व अध्यक्ष सूदबल यादव एवं अजेम टोप्पो ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
शासन की ओर से SDM नंद जी पांडेय, तहसीलदार प्रमोद पटेल, जनपद CEO प्रमोद सिंह, CMO राजेन्द्र पात्रे सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
