जशपुर में स्वयंसेवकों की बैठक, ग्रामीण संवाद एवं विद्यालय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जशपुर : जिले में स्वयंसेवकों, ग्रामीणों एवं किशोर-किशोरियों को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस क्रम में सर्वप्रथम एस.एस.पी. कार्यालय के मीटिंग हॉल में जिले के सभी सक्रिय स्वयंसेवकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय, यूनिसेफ एवं एग्रीकोन फाउंडेशन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री योगेश पुरोहित, जिला समन्वयक सुश्री शालिनी गुप्ता, ब्लॉक समन्वयक श्री गुरुदेव प्रसाद सहित जिले के सक्रिय स्वयंसेवक नेहा एक्का, रिटां गुप्ता, गुलशन पैंकरा, सविता अनुरूप तिग्गा, राज गुप्ता, शालू गुप्ता एवं नंजू कुमारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान स्वयंसेवकों ने अपने कार्य अनुभव साझा किए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा ऑनलाइन सेफ्टी एवं साइबर सुरक्षा पर विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि किसी भी स्थिति में ओटीपी, बैंक विवरण या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें तथा साइबर अपराध की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही बाल विवाह रोकथाम, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन एवं महिलाओं की सुरक्षा हेतु “अभिव्यक्ति” प्लेटफॉर्म की जानकारी भी दी गई।
प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री योगेश पुरोहित ने स्वयंसेवकों को “हम होंगे कामयाब”, पढ़ाई का कोना, आज क्या सीखा जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के लिए सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण निर्माण पर मार्गदर्शन दिया।
इसके पश्चात इचकेला पंचायत में एक ग्रामीण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सरपंच, सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। बैठक में ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के अंतर्गत बच्चों के लिए प्रस्तावित लाइब्रेरी एवं ट्यूशन क्लासेस की जानकारी दी गई, जिसका ग्रामीणों ने सकारात्मक स्वागत किया।
दिन के अंतिम चरण में महारानी लक्ष्मीबाई विद्यालय में एनएसएस अधिकारी श्रीमती गीता झा के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 200 से अधिक किशोरी बालिकाओं ने सहभागिता की। बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास, समय प्रबंधन एवं सकारात्मक सोच के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों के माध्यम से स्वयंसेवकों, ग्रामीणों एवं किशोर-किशोरियों को साइबर सुरक्षा, बाल एवं महिला संरक्षण, शिक्षा एवं सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज को सुरक्षित, जागरूक एवं सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर जारी रहेंगे।
